लाइव टीवी

गीजर का सही तापमान क्या है? पानी और बिजली बचाने के लिए जानें

पानी और बिजली बचाने के लिए गीजर का सही तापमान और इस्तेमाल का तरीका जानें। सर्दियों में गीजर के उपयोग से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स।

झटपट समझें

गीजर का तापमान घरेलू इस्तेमाल के लिए 50 से 60 डिग्री सेल्सियस के बीच रखना सही माना जाता है। नहाने के लिए 37-40 डिग्री सेल्सियस गर्म पानी पर्याप्त होता है। इस सेटिंग से आप बिजली और पानी दोनों की बचत कर सकते हैं, साथ ही गीजर को केवल 10-15 मिनट पहले ऑन करके भी ऊर्जा बचाई जा सकती है।

मुख्य बातें

  • गीजर 1 घंटे में लगभग 3 यूनिट बिजली की खपत करता है, इसलिए इसका सही इस्तेमाल जरूरी है।
  • घरेलू इस्तेमाल के लिए गीजर का तापमान 50 से 60 डिग्री सेल्सियस के बीच रखना आदर्श है।
  • नहाने के लिए 37-40 डिग्री सेल्सियस गर्म पानी पर्याप्त होता है, अधिक गर्म पानी अनावश्यक ऊर्जा खर्च करता है।
  • नहाने से 10-15 मिनट पहले गीजर ऑन करें और नहाने से पहले ही बंद कर दें ताकि बिजली बचे।
  • गर्म पानी से नहाने के लिए शॉवर की जगह बाल्टी का इस्तेमाल करें, इससे पानी की बर्बादी कम होती है।
  • गीजर की नियमित सफाई और सर्विसिंग से उसकी कार्यक्षमता बनी रहती है और वह कम ऊर्जा में पानी गर्म करता है।
एक गीजर का कंट्रोल पैनल जिसमें तापमान सेटिंग दिखाई दे रही है, पानी और बिजली बचाने के लिए सही तापमान सेट करने का संकेत
गीजर का तापमान सही तरीके से सेट करके आप सर्दियों में पानी और बिजली दोनों की बचत कर सकते हैं।

सर्दियों का मौसम आ रहा है और ऐसे में हर घर में गीजर से पानी गर्म किया जाने लगेगा। कुछ लोग गर्मियों में भी इसका इस्तेमाल करते हैं और हल्के गुनगुने पानी से नहाते हैं। कई लोग गीजर को पानी गर्म करने के लिए ऑन कर देते हैं और फिर बिल्कुल भूल जाते हैं। उसे बंद तब किया जाता है, जब वह ऑटो कट देता है। अगर आप भी ऐसा ही करते हैं, तो यकीन मानिए आपका बिजली का बिल और पानी दोनों का खर्चा ज्यादा हो रहा है। गीजर में ऑटो कट उसकी सेफ्टी के लिए होता है, न कि पानी गर्म होने की टाइम लिमिट के लिए। साथ ही अगर आपके गीजर में टेंप्रेचर सेटिंग गलत है, तो भी पानी-बिजली का खर्चा ज्यादा होगा। चलिए आज आपको गीजर में पानी गर्म करने की सही सेटिंग और बिजली बचाने के कुछ टिप्स बताते हैं।

सर्दियों में खासतौर पर घरों में गीजर लगातार ऑन रहता है और ये गीजर 3KVA के होते हैं। ऐसे में गीजर करीब 1 घंटे में तकरीबन 3 यूनिट बिजली की खपत करता है। अगर आप दिनभर में 3-4 घंटे तक गीजर चलाते हैं, तो इसमें काफी बिजली की खपत होती है, जिससे आपका बिल भी ज्यादा आता है। बिजली बचाने के लिए गीजर का सही इस्तेमाल समझना बहुत जरूरी है।

गीजर में पानी को गर्म करने के लिए कई लोग फुल टेंप्रेचर सेटिंग ऑन कर देते हैं, जिसमें पानी काफी ज्यादा गर्म हो जाता है। एकदम खौले हुए पानी से आप नहा भी नहीं सकते लेकिन बिजली-पानी की खपत हो जाती है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, हमें नहाने के लिए केवल 37-40 डिग्री सेल्सियस गर्म पानी की जरूरत होती है। घरेलू इस्तेमाल के लिए गीजर का तापमान 50 से 60 डिग्री सेल्सियस के बीच रखना सही माना जाता है। अगर नहाने के लिए पानी इस्तेमाल करना है, तो इतनी सेटिंग सही रहेगी। गीजर में टेंप्रेचर को प्लस-माइनस करने का ऑप्शन है, तो सेट करें। वरना नॉब डायल को घुमाकर डिग्री सेट करें।

नहाने से करीब 15 मिनट पहले गीजर को ऑन करें और नहाने से पहले ही बंद कर दीजिए। इतनी देर में आपका गीजर नहाने के लिए पर्याप्त पानी गर्म कर देगा और ऐसे में बिजली भी बचेगी। लंबे समय तक गीजर चलाएंगे तो बिल बढ़ेगा और पानी भी जरूरत से ज्यादा खौल जाएगा। अगर गीजर छोटा है, तो सिर्फ 10 मिनट पहले ही चलाएं और उसे बार-बार पानी गर्म करने के लिए चला सकते हैं, लेकिन हर बार कम समय के लिए।

गीजर के गर्म पानी से नहाने के लिए शॉवर की जगह बाल्टी का इस्तेमाल करें। इससे आप गर्म पानी को बाल्टी में भर लेंगे और फिर नहा सकते हैं। ऐसा करने से पानी की बर्बादी नहीं होगी और आपको पर्याप्त गर्म पानी मिल जाएगा। शॉवर से नहाने पर पानी बहता ज्यादा है और जल्दी पानी बहने से गीजर से गर्म पानी निकल जाएगा। फिर आपको गर्म करने के लिए उसे दोबारा चलाना पड़ेगा, जिससे बिजली-पानी दोनों की बर्बादी होती है।

अगर आपका गीजर सही से पानी गर्म नहीं कर रहा है, तो उसकी सफाई या सर्विसिंग कराएं। हार्ड वॉटर वाले इलाकों में टैंक या हीटिंग एलिमेंट पर मिनरल जमा होने की समस्या हो सकती है, जिससे गीजर की मशीन पर फर्क पड़ता है। सही समय पर सर्विसिंग कराने से पानी सही से गर्म होने लगेगा और आपको कम तापमान पर हॉट वाटर मिलेगा, जिससे बिजली की बचत भी होगी।

यह खबर शेयर करें

WhatsAppXFacebook