पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल मर्डर केस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कई चौंकाने वाले पहलू सामने आ रहे हैं। इस साल 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले में सिया और केतन घूमने गए थे। इसी दौरान केतन की खाई में गिरने से मौत हो गई। शुरुआत में इसे हादसा माना गया था लेकिन इस मामले की जांच में हैरान कर देने वाली खुलासा हुआ। वहीं केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब उनके पिता विशाल अग्रवाल ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। विशाल अग्रवाल ने दावा किया है कि उन्हें शक है कि इस साजिश में उनके परिवार के कुछ लोग भी शामिल हो सकते हैं।
केतन के पिता ने किया ये दावा केतन के पिता ने बताया कि वह चार्जशीट की कॉपी हासिल करने के लिए अदालत में आवेदन कर रहे हैं। उनका कहना है कि चार्जशीट सामने आने के बाद इस मामले से जुड़े कई सवालों के जवाब मिल सकेंगे। पीटीआई से बातचीत में विशाल अग्रवाल ने कहा कि उनके बेटे की हत्या के जिम्मेदार लोगों को मौत की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि उन्होंने मामले में दाखिल चार्जशीट की कॉपी लेने के लिए कोर्ट से संपर्क किया है। साथ ही, उन्होंने उज्ज्वल निकम को इस मामले में विशेष सरकारी वकील नियुक्त करने से जुड़ी अधिसूचना भी मांगी है।
सुनवाई को फास्ट ट्रैक करने की मांग विशाल अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की थी। हालांकि, उन्हें अभी तक इस मांग या उज्ज्वल निकम को सरकारी वकील नियुक्त किए जाने को लेकर कोई साफ जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा, “मैंने अभी तक चार्जशीट नहीं देखी है। इसे पढ़ने के बाद ही मैं इस बारे में कुछ कह पाऊंगा। हमने चार्जशीट की कॉपी लेने के लिए कोर्ट से पहले ही संपर्क किया है।”
सिया की पहले ही हो गई थी शादी! विशाल अग्रवाल ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें अब भी शक है कि सिया के पिता, मां, भाई, चाचा और चाची केतन की हत्या की साजिश में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि चार्जशीट पढ़ने के बाद ही वह इस बारे में विस्तार से अपनी बात रख पाएंगे। सिया के साथ इस हत्याकांड में आरोपी चेतन चौधरी से गुपचुप शादी कर ली थी, ऐसी खबरों का जिक्र करते हुए विशाल अग्रवाल ने सवाल उठाया कि अगर यह बात सच थी, तो सिया के परिवार ने कथित तौर पर उसकी शादी उनके बेटे केतन से कराने की कोशिश क्यों की?
उन्होंने कहा कि मर्डर केस की जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। विशाल अग्रवाल ने कहा कि उनकी सिर्फ यही मांग है कि उनके बेटे की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को मौत की सजा दी जाए। उन्होंने कहा, “अब तक मुझे अपनी इन दोनों मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं मिला है। मैं एक बार फिर सरकार से जरूरी नोटिफिकेशन जारी करने की मांग करूंगा।”
बनाया गया फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बता दें कि, इस साल जून में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुणे पुलिस ने 19 सितंबर सिया गोयल, चेतन चौधरी और रितेश हांगे के खिलाफ 5,000 से ज्यादा पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। केतन अग्रवाल की 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले से गिरने के बाद मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। चार्जशीट में बताया गया है कि तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर ‘माही’ नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था। इस अकाउंट के जरिए केतन को सिया के साथ लोहगढ़ किले जाने के लिए तैयार किया गया। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद केतन को किले से धक्का दे दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

