आधिकारिक प्रदर्शन की सूची से जंतर-मंतर को हटाए जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के कुछ नेता और कार्यकर्ता मंगलवार को चुपके से वहां पहुंच गए। दबे पांव जंतर-मंतर पर गेट और बैरिकेड फांदकर पहुंचे नेता इसे अपनी जीत बताते हुए जश्न मनाते दिखे। सोशल मीडिया पर उन्होंने इसे 'किला भेदना' बताया। हालांकि, पुलिस ने तुरंत इन लोगों को हिरासत में ले लिया। जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है उनमें सीजेपी के सह संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका भी शामिल हैं।
सोमवार को ही दिल्ली पुलिस का वह आदेश सामने आया जिसके मुताबिक जंतर-मंतर को अब आधिकारिक प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाकर दिल्ली में रामलीला मैदान समेत तीन नए प्रदर्शन स्थल अधिसूचित किए गए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी ने इसका विरोध करते हुए कहा था कि उन्हें यह फैसला मंजूर नहीं है। हालांकि, उन्होंने जंतर-मंतर जाने को लेकर इस बार पहले से कोई ऐलान नहीं किया था और ना ही ऐसा कोई संकेत दिया था।
मंगलवार सुबह कुछ कार्यकर्ताओं और कोर टीम के साथियों संग सौरभ दास, आशुतोष रांका और सीजेपी के संगठन प्रभारी आजिंक्य शिंदे जंतर-मंतर पहुंच गए। इन लोगों ने ऐसे रास्ते को खोज निकाला जहां पुलिस का पहरा नहीं था। सीजेपी के राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके की ओर से शेयर किए गए एक वीडियो में दिख रहा है कि सीजेपी नेता एक गेट फांदकर जंतर-मंतर पर कूद रहे हैं। तिरंगा लेकर कूदे इन कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय के नारे लगाने शुरू किए। हालांकि, वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत इन्हें हिरासत में ले लिया।
अभिजीत दीपके ने क्या कहा? दादी के देहांत के बाद अपने महाराष्ट्र गए अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'इससे पहले कि दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, कॉकरोच तिरंगा लेकर चुपके से आज सुबह जंतर-मंतर पर प्रवेश कर गए। आशुतोष रांका, सौरभ दास और आजिंक्य शिंदे समेत अन्य को टीम के साथियों को हिरासत में लिया गया है। आप प्रतिरोध को डिनोटिफाई नहीं कर सकते हैं नरेंद्र मोदी।'
दोबारा हासिल करने और किला भेदने का दावा 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर जाने के ऐलान के बाद विमान से ही हिरासत में ले लिए गए आशुतोष रांका और सौरभ दास अब वहां पहुंचने में कामयाब रहे तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सौरभ दास ने लिखा, 'जंतर-मंतर वापस पा लिया है। हम जंतर-मंतर पर प्रवेश कर गए और अब हिरासत में लिया जा रहा है। लेकिन यह संदेश है सभी युवा पीढ़ी को। हम यह कर सकते हैं। ज्ञानू इट्स डन ब्रो।' वहीं, आशुतोष रांका ने कहा, 'जंतर-मंतर का किला भेद दिया गया है।' रांका ने एक पत्रकार की ओर से यह कहे जाने पर कि 'जंतर-मंतर जा रहे थे, हिरासत में लिया गया' रांका ने लिखा, 'सर जा नहीं रहे थे, अंदर घुस गए।'

