अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले बेंगलुरु में प्रदर्शन शुरू हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मंच पर यूट्यूबर ध्रुव राठी समेत कई सीजेपी नेता नजर आ रहे हैं। खास बात है कि इस दौरान दीपके ने साफ किया है कि सीजेपी सिर्फ कुमार के इस्तीफे पर शांत नहीं बैठेगी। उन्होंने दो मांगें रखी हैं। इधर, राजधानी दिल्ली में लगातार तीसरे दिन INDIA अलायंस के प्रदर्शन के आसार हैं।
अभिजीत दीपके ने गुरुवार को कहा है कि हमारी जंग सिर्फ ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए नहीं है। उन्होंने कहा, 'अगर वह जाएंगे, तो उनकी जगह पर कोई और आएगा। हम SIR को खत्म कराना चाहते हैं। इसके बाद ज्ञानेश कुमार की जांच होनी चाहिए और उनके खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए।' सीजेपी 10 अक्टूबर से दिल्ली में भी प्रदर्शन करने जा रही है।
सड़क का नारा दीपके ने कहा, 'वोटों की चोरी क्यों हो रही है? 2024 में BJP और विपक्ष के बीच 2% का अंतर था। इसलिए अब वे पूरे देश में 30 करोड़ वोट हटा रहे हैं। नरेंद्र मोदी के पास भले ही सत्ता हो, लेकिन सड़कों पर हमारी ताकत है। हम यहीं से अपनी सत्ता वापस हासिल करेंगे।' उन्होंने कहा, 'एक देश और एक चुनाव नारा है। मकसद एक देश एक पार्टी है। यह हिटलर का प्लान था।'
मंगलवार को भी दीपके ने कहा था, 'यह किसी एक पार्टी या विचारधारा की बात नहीं है, बल्कि भारतीय लोकतंत्र के अस्तित्व की लड़ाई है।' उन्होंने कहा, 'मैंने कई बार कहा है कि महाराष्ट्र पुलिस देश की सबसे अच्छी पुलिस है और दिल्ली पुलिस को उससे सीखना चाहिए। लेकिन यह दुखद है कि चंद्रपुर पुलिस ने कॉजपा कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर उन्हें जंतर-मंतर के प्रदर्शन में शामिल नहीं होने को कहा। उन्होंने जंतर-मंतर तक यात्रा के खर्च के स्रोत के बारे में भी पूछा।'
क्या हैं सीजेपी की 3 बड़ी मांगें सीजेपी ने मुख्य रूप से 3 मांगें रखीं थीं। इनमें ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और जांच शुरू करने की मांग की गई थी। दूसरी मांग थी कि आगामी चुनावों पर रोक लगा दी जाए और SIR को बंद कर दिया जाए। साथ ही जनवरी 2025 से पहले की वोटर लिस्ट को वापस लाया जाए। सीजेपी की मांग थी कि एक स्वतंत्र आयोग जांच करे कि किस तरह से SIR से जुड़े फैसले लिए गए थे।
सीजेपी का कहना था कि सुप्रीम कोर्ट एसआईआर से जुड़ी सभी फाइलों को जब्त करे। तीसरी मांग थी कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर 2023 के कानून को खत्म कर दिया जाए। इसके अलावा कहा गया था कि नया कानून बनाया जाए, जिसमें सिविल सोसाइटी से भी लोगों को शामिल किया जाए।
चप्पल प्रदर्शन सीजेपी गुरुवार को कर्नाटक की राजधानी में चप्पल प्रदर्शन कर रही है। साथ ही फ्रीडम पार्क में हो रहे इस कार्यक्रम में SIR पर जनता की अदालत का भी आयोजन किया गया है। इसमें अभिनेता प्रकाश राज भी शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा था, 'कॉकरोच जनता पार्टी की बुलाई जनता की अदालत में दीपके, आशुतोष, सौरव और सभी युवा संगठन तथा नागरिक समाज संस्थाओं के लोग शामिल होंगे। राज्य भर से एसआईआर के पीड़ित भी मौजूद रहेंगे।'
इससे पहले दीपके ने मुंबई स्थित शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया था, जिसमें मनोरंजन जगत से शबाना आजमी, गायक विशाल ददलानी समेत कई लोग शामिल हुए थे। इसके बाद सीजेपी ने दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान कर दिया था।
विपक्ष का जारी है विरोध खास बात है कि सीजेपी ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान ऐसे समय पर किया है, जब दिल्ली में INDIA अलायंस खासा सक्रिय हो गया है। कांग्रेस की अगुवाई में मंगलवार और बुधवार को सांसदों ने बड़ा प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और बाद में छोड़ दिया था।

