श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने पाकिस्तान को एशियन गेम्स 2026 फाइनल में 19 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। 2023 में पिछली बार भारत एशियन गेम्स में चैंपियन बना था। IND vs PAK गोल्ड मेडल मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला लिया था। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा के तूफानी अर्धशतकों के दम पर भारत ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 212 रनों का टारगेट रखा था। यह भारत-पाकिस्तान टी20 मैचों के इतिहास में पहली बार में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। टीम इंडिया ने पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ 200 रनों का आंकड़ा पार किया। 212 के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत तो अच्छी नहीं रही थी, मगर मोहम्मद नवाज ने 94 रनों की पारी खेल कुछ देर के लिए भारतीय टीम की धड़कने बढ़ा दी थी, हालांकि वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 192 रन बना पाई। आइए भारत की जीत के 5 हीरो पर नजर डालते हैं-
अभिषेक शर्मा अभिषेक शर्मा ने भारत को तूफानी शुरुआत दी थी। वैभव सूर्यवंशी ने दूसरे ओवर में दो छक्के लगाकर इसकी शुरुआत की थी, जिसके बाद पूरा जिम्मा अभिषेक ने उठाया था। अभिषेक ने एक बार फिर फाइनल में 20 गेंदों पर फिफ्टी ठोकी। उन्होंने 28 गेंदों पर 61 रनों की धुआंधार पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। अभिषेक शर्मा ने 2026 में 100 छक्के और अपने टी20 करियर में 400 छक्कों का भी आंकड़ा पार किया।
तिलक वर्मा बीच के ओवर में जहां भारतीय पारी लड़खड़ाती दिख रही थी, वहां नंबर-6 पर आकर तिलक वर्मा ने 22 गेंदों पर 51 रनों की तूफानी पारी खेली। तिलक वर्मा दूसरे बल्लेबाजों के साथ मिलकर आखिरी 2 ओवर में 40 के करीब रन बटौरे जिसके दम पर भारत 200 रन का आंकड़ा पार कर पाया। नहीं तो एक समय पर ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम की गाड़ी 175-80 तक ही सिमट जाएगी।
शिवम दुबे शिवम दुबे ने पाकिस्तान के खिलाफ एक हरफनमौला खिलाड़ी का रोल अदा किया। पहले तिलक वर्मा के साथ 6ठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की, इसके बाद गेंदबाजी में सैम अयूब और मोहम्मद नवाज के रूप में दो विकेट चटकाए। 14वें ओवर में जब भारत को विकेट की सबसे ज्यादा जरूरत थी तो उन्होंने सैम अयूब को आउट किया, वहीं पारी की आखिरी गेंद पर नवाज का विकेट 94 रन पर चटकाया।
अक्षर पटेल अक्षर पटेल गेंदबाजी में भारत के हीरो रहे। 212 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को अक्षर पटेल ने अच्छी शुरुआत करने ही नहीं दी। उन्होंने पाकिस्तान के ओपनर माज सदाकत को 23 के निजी स्कोर पर तो उस्मान खान को 3 रन पर आउट किया। अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 29 रन खर्च कर यह दो विकेट चटकाए।
वॉशिंगटन सुंदर वॉशिंगटन सुंदर ने भी मैच में 1 विकेट लेकर भारत की जीत में अपना योगदान दिया। उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान साहिबजादा फरहान के रूप में सबसे बड़ा विकेट चटकाया। साहिबजादा फरहान ही इस पाकिस्तानी टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज हैं, वह भारतीय टीम के लिए खतरा था, मगर सुंदर ने चौथे ओवर में ही उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखा दिया था।

