पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में सुबह करीब 9:50 बजे एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद मलबे से अभी तक दो लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। 4 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। अभी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं थी। दमकल की छह गाड़ियां, बचाव वाहन और पानी के टैंकर राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।
रेस्क्यू में अभी तक दो शव निकाले गए
चावड़ी बाजार इलाके में निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा ढहने के बाद एनडीआरएफ ने मलबे से दो शव बरामद किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है।
4 लोग सुरक्षित निकाले गए
फायर विभाग के अधिकारी राजेश शुक्ला के मुताबिक, मौके से अबतक राहत व बचाव दल ने छह लोगों को बाहर निकाला है। जिनमें से दो लोगों की मौत हो गई है। चूंकि यहां निर्माण कार्य चल रहा था तो मजदूर काम कर रहे थे,जबकि कुछ यहीं पर मौजूद थे। मलबा हटाने का काम जारी है और कई टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं।
संकरी गलियों के कारण रेस्क्यू में मुश्किल
चावड़ी बाजार की संकरी और घनी आबादी वाली गलियों के कारण बचाव दल को मौके तक भारी मशीनरी और गाड़ियां पहुंचाने में परेशानी हो रही है। मलबा हटाने के लिए क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद ली जा रही है। बचावकर्मी सावधानी से मलबा हटाकर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उसके नीचे कोई दबा तो नहीं है।
दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर
घटनास्थल पर दमकल की कुल 6 गाड़ियां/यूनिट्स (जिसमें वॉटर टेंडर, वॉटर बाउज़र, क्विक रिएक्शन व्हीकल और इंसिडेंट रिस्पांस टीम शामिल हैं) राहत कार्य में मुस्तैद हैं। मौके पर फायर की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन द्वारा घटनास्थल के आसपास के पूरे इलाके को कॉर्डन ऑफ (घेर लिया) कर दिया गया है ताकि राहत कार्य बिना किसी बाधा के चल सके और लोग सुरक्षित रहें। इस निर्माणाधीन इमारत के गिरने के बाद फैले भारी मलबे को हटाने और राहत कार्य को गति देने के लिए दमकल की अतिरिक्त गाड़ियों और राहत टीमों को भी भेजा गया है जबकि कुछ को मुस्तैद रखा गया है, ताकि इसपर राहत बचाव कार्य को त्वरित गति से चलाया जा सके।
प्रकाशित: गुरुवार, 5 नवंबर 2026 | 12:59 PM IST

