लाइव टीवी

कांग्रेस का ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग

चुनाव आयुक्त पर मनमानी का आरोप, देशभर में कार्यकर्ता उतरे सड़कों पर

झटपट समझें

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस आज देशभर में प्रदर्शन कर रही है, जिसमें कार्यकर्ता नई दिल्ली, जम्मू, गुवाहाटी, कोलकाता, चंडीगढ़ और पटना सहित कई शहरों में सड़कों पर उतर आए हैं।

मुख्य बातें

  • कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मनमानी का आरोप लगाया है।
  • पार्टी की मांग है कि ज्ञानेश कुमार तत्काल इस्तीफा दें।
  • देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके।
  • कई शहरों में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई।
  • चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद की खबरों के बाद यह विरोध प्रदर्शन हो रहा है।
भीड़ भारतीय झंडे और नारे-पट्ट लहराते हुए प्रदर्शन कर रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग पर मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस आज (शुक्रवार, 25 सितंबर को) देशभर में प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस के कार्यकर्ता राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से लेकर जम्मू और गुवाहाटी तक सड़कों पर उतर आए हैं और हाथों में तख्तियां लेकर CEC से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसी तरह का कोलकाता, चंडीगढ़, पटना, हैदराबाद में भी हो रहा है।

कांग्रेस का ये देशव्यापी हल्ला बोल लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के प्रेस कॉन्फ्रेन्स के अगले ही दिन आयोजित किया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि ज्ञानेश कुमार चुनाव आयोग में मनमानी कर रहे हैं और दो अन्य आयुक्तों की बात नहीं सुन रहे हैं। पार्टी का ये आरोप इंडियन एक्सप्रेस में छपी उस खबर के बाद आया है जिसमें कहा गया है कि पिछले 10 महीनों में 14 बार दोनों चुनाव आयुक्तों ने आयोग के फैसलों पर आपत्ति जताई है।

कांग्रेस पार्टी का कहना है कि ज्ञानेश कुमार को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए और 'वोट चोरी' का गवाह बनना चाहिए। इसी मांग के साथ देशभर में कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर हैं। सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ता नारा लगा रहे हैं कि वोट चोरों को बख्शा नहीं जाएगा, सबका हिसाब होगा। विरोध-प्रदर्शन के दौरान कई शहरों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका है। इस दौरान उनकी कई शहरों में पुलिस के साथ धक्कामुक्की और भिड़ंत हुई है। पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार छोड़ी गई है, जबकि गुवाहाटी में असम प्रदेश कांग्रेस प्रमुख गौरव गोगोई और अन्य पार्टी नेताओं को हिरासत में लिया गया है।

मणिपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुरजोर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राजधानी इ्फाल के लैंफेल स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के सामने ज्ञानेश कुमार के पुतले जलाए और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिसकर्मियों ने आंसू गैस के कुछ गोले दागे। इसी तरह की खबरें चंडीगढ़, लखनऊ, देहरादून और कोलकाता से भी आई हैं।

बिहार में ज्ञानेश कुमार की कथित 'मनमानी कार्यशैली' के विरोध में राज्य चुनाव आयोग (ईसी) के कार्यालय तक मार्च कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है। पार्टी कार्यकर्ता चुनाव आयोग के भीतर मतभेद संबंधी मीडिया रिपोर्ट के बाद प्रस्तावित विरोध मार्च के लिए चुनाव आयोग कार्यालय से लगभग आधा किलोमीटर दूर 'आर ब्लॉक' चौराहे पर इकट्ठा हुए थे। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने संवाददाताओं से कहा, "यह स्पष्ट है कि निवार्चन आयोग समझौता कर चुका है। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री अमित शाह के निर्देश पर काम कर रहा है। हमारी पार्टी का रुख साफ है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए।"

यह खबर शेयर करें

WhatsAppXFacebook