लाइव टीवी

ज्ञानेश कुमार 10 अक्टूबर से पहले दे सकते हैं इस्तीफा: AAP नेता का दावा

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे का दावा किया।

झटपट समझें

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार 10 अक्टूबर से पहले इस्तीफा दे सकते हैं, क्योंकि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने इस तारीख को उनके खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है।

मुख्य बातें

  • सौरभ भारद्वाज ने अपने सूत्र के हवाले से ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे का दावा किया।
  • सीजेपी ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया है।
  • सीजेपी ने जून-जुलाई में नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन कर धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफे के लिए मजबूर किया था।
  • सीजेपी नेताओं को 10 अक्टूबर से पहले गिरफ्तारी की आशंका है।
  • सीजेपी ज्ञानेश कुमार पर एसआईआर को लेकर मनमानी का आरोप लगा रही है।
एक व्यक्ति काले रंग के कोट और सफेद शर्ट में, चश्मा पहने हुए, बोल रहा है।
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे का दावा किया।

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर बड़ा दावा किया है। भारद्वाज के मुताबिक उनके सूत्र ने उन्हें बताया है कि ज्ञानेश कुमार 10 अक्टूबर से पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। यह वह तारीख है जब कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया है।

जून-जुलाई में नीट पेपर लीक के खिलाफ करीब एक महीने तक जंतर-मंतर पर आंदोलन चलाकर सीजेपी ने शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफे के लिए मजबूर कर दिया था। खुद को 'जेन जी' का संगठन बताने वाली सीजेपी ने अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को प्रदर्शन के बाद सीजेपी ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर आंदोलन का ऐलान किया है। सीजेपी का दावा है कि इसमें देशभर के लोग जुटने वाले हैं और सीईसी को अपना पद छोड़ना पड़ेगा।

सीजेपी के आंदोलन को समर्थन दे रही आम आदमी पार्टी ने अब दावा किया है कि जंतर-मंतर 2.O से पहले ही ज्ञानेश कुमार अपना पद छोड़ देंगे। सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को सोशल मीडिया पर अपने एक सूत्र के हवाले से यह दावा किया। दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, ‘मेर सूत्र ने कहा कि ज्ञानेश कुमार 10 अक्टूबर से पहले इस्तीफा दे सकते हैं।’ भारद्वाज ने इस पोस्ट में इससे अधिक कोई जानकारी नहीं दी है।

सीजेपी नेताओं को गिरफ्तारी की आशंका एक तरफ जहां सौरभ भारद्वाज के सूत्र ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की बात कही है तो दूसरी तरफ सीजेपी नेताओं को कथित तौर पर सूत्र बता रहे हैं कि उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। सीजेपी के सह संयोजक सौरभ दास ने दावा किया है कि उन्हें सूत्रों ने बताया है कि उन्हें, अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका समेत अन्य बड़े नेताओं को 10 अक्टूबर से पहले ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आशुतोष रांका ने सोमवार को यह भी कहा कि उन्हें सूत्रों ने बताया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा कानून या ऐसे ही किसी प्रावधान के तहत सीजेपी नेताओं को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, अभिजीत दीपके ने कहा कि वे सबकुछ झेलने के लिए तैयार हैं।

क्यों ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी का गुस्सा दरअसल, बिहार, बंगाल समेत कई राज्यों में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विपक्षी दल कई तरह के आरोप लगा रहे थे। उनका दावा था कि गलत तरीके से वोटर्स के नाम काटे और जोड़े जा रहे हैं। इस बीच इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि पिछले 10 महीने में 14 बार दो अन्य चुनाव आयुक्तों का मत ज्ञानेश कुमार से अलग था। सीजेपी ने इसे ज्ञानेश कुमार की मनमानी बताकर उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सीजेपी का कहना है कि ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और एसआईआर पर रोक लगाने से ही चुनाव निष्पक्ष हो पाएंगे।

यह खबर शेयर करें

WhatsAppXFacebook