दिल्ली पुलिस ने शनिवार को 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध प्रदर्शन में डीडीयू मार्ग पर छात्रों से मारपीट करने और महिलाओं को धक्का देने व पीटने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि पकड़े गए लोग खुद को 'हिंदू रक्षा दल' के सदस्य बता रहे थे।
एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों की पहचान रमन सैनी (50), विवेकानंद उर्फ विवेक (32), कपिल कुमार (27) और रविंदर सिंह उर्फ गोविंद हिंदू (35) के तौर पर की गई है। इनकी गिरफ्तारी घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के एक दिन बाद हुई। वायरल वीडियो में आरोपियों को कमला मार्केट थाना क्षेत्र में आने वाले डीडीयू मार्ग पर युवा छात्रों के साथ मारपीट करते और महिलाओं से बदसलूकी करते हुए देखा जा सकता है। फुटेज में घटना के समय मौके पर एक पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहा है। वीडियो फुटेज में घटना के समय मौके पर एक पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहा है।
प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के दौरान हमला छात्रों और लड़कियों पर यह हमला उस वक्त हुआ जब कॉकरोच पार्टी और वामपंथी छात्र संगठनों के आह्वान पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लेने आए लोगों को हिरासत में लिया जा रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विरोध-प्रदर्शन के पहले दिन जब छात्र दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर इकट्ठा होने की कोशिश कर रहे थे, यह फुटेज सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल होने लगा था। हालांकि, घटना की सही जगह का तुरंत पता नहीं चल पाया था। सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों से निपटने लिए की गई सुरक्षा व्यवस्था के तहत जांच-पड़ताल के दौरान दिल्ली में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उस जगह की पहचान की।
पुलिस ने घटना का स्वतः संज्ञान लिया पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में पीड़ित छात्रों या महिलाओं की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, पुलिस ने घटना के वीडियो सामने आने और गुप्त सूचनाओं से यह पता चलने पर कि पिटाई में शामिल संदिग्ध लोग पुलिस कार्रवाई से बचने को दिल्ली-एनसीआर से भागने की कोशिश कर सकते हैं, पुलिस ने खुद ही उन्हें धर दबोचा। एक सीनियर अफसर ने बताया कि पुलिस ने उस घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए उन चार लोगों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
तेजी से शेयर किया जा रहा वीडियो घटना के बाद से यह वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसमें राजनीतिक संगठनों और हस्तियों से जुड़े हैंडल भी शामिल हैं। इंडियन यूथ कांग्रेस, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और CJP से जुड़े अकाउंट्स ने भी यह फुटेज शेयर किए हैं। यह घटना दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में 10 अक्टूबर को जमा हुए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कड़ी सुरक्षा और पुलिस की बड़े पैमाने पर की गई कार्रवाई के बीच हुई है। प्रदर्शनों के दौरान हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया।

