डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर जंतर-मंतर पर एक बड़े और लाइव विरोध-प्रदर्शन का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर बताया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस वीडियो का सच उजागर करते हुए इसे पूरी तरह से भ्रामक और पुराना बताया है।
दिल्ली पुलिस ने दी चेतावनी दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा यह वीडियो असल में जंतर-मंतर का पुराना वीडियो है, जिसे हालिया घटना के रूप में पेश किया जा रहा है। साथ ही दिल्ली पुलिस ने चेतावनी दी है कि जानबूझकर गुमराह करने वाली और झूठी सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संजय राउत ने शेयर किया वीडियो बता दें कि यह विवाद तब शुरू हुआ, जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) (पूर्व में ट्विटर) पर कई प्रमुख अकाउंट्स द्वारा इस वीडियो को साझा किया गया। वीडियो शेयर करने वालों में शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत भी शामिल थे, जिन्होंने दावा किया था कि दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया है।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर किए जाने के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट हो गई है। दिल्ली पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई जनता को भ्रमित करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।

