महराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हुए 10 महीने हो चुके हैं। इसी बीच महाराष्ट्र की राजनीति में उनकी मौत को लेकर बयानों का दौर शुरू हो गया है। अब शिवसेना के वरिष्ठ नेता रामदास कदम ने मांग की है कि पूर्व डिप्टी सीएम के प्लेन क्रैश के मामले में सांसद सुनील तटकरे की भूमिका की जांच होनी चाहिए। खास बात है कि तटकरे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। पवार की जनवरी 2026 में बारामती हवाईअड्डे पर हुए विमान हादसे में मौत हो गई थी।
कदम ने सुनेत्रा अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के तटकरे पर आरोप लगाते हुए कहा, 'सुनील तटकरे एक बेईमान व्यक्ति हैं। इस बात की गहन जांच होनी चाहिए कि क्या अजीत पवार के विमान हादसे में सुनील तटकरे शामिल हैं।' एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और सुनेत्रा अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा दोनों ही भाजपा के नेतृत्व वाली फडणवीस सरकार के 'महायुति' गठबंधन का हिस्सा हैं।
कांग्रेस का क्या था रिएक्शन
कदम के आरोपों पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने महायुति गठबंधन से इन आरोपों को गंभीरता से लेने को कहा। उन्होंने सुझाव दिया कि कदम को सिर्फ आरोप लगाने की बजाय पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
उन्होंने कहा, 'रामदास कदम ने बहुत गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्हें तुरंत थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज करानी चाहिए ताकि उचित जांच हो सके। अगर इन आरोपों में कोई सच्चाई है, तो कानून को अपना काम करने देना चाहिए। लेकिन अगर इन आरोपों में कोई दम नहीं है, तो यह सरकार के भीतर खेले जा रहे खतरनाक खेल हैं।'
सुनील तटकरे करने वाले हैं प्रेस कॉन्फ्रेंस
इस बीच तटकरे ने कदम के सभी आरोपों को 'पूरी तरह से झूठा' बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वह इस पर विस्तृत जवाब देने के लिए एक संवाददाता सम्मेलन करेंगे। सुनेत्रा अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के प्रवक्ता उमेश पाटिल ने इस विवाद को तूल न देते हुए इसे स्थानीय राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का नतीजा बताया।
पाटिल ने तर्क दिया, 'इससे पहले भी रामदास कदम ने सुनील तटकरे पर आरोप लगाए थे। तटकरे पिछले 40 वर्षों से कोंकण क्षेत्र में काम कर रहे हैं और उन्होंने शिवसेना के खिलाफ अपनी पार्टी को मजबूत किया है। इसे स्थानीय स्तर की राजनीति का नतीजा माना जाना चाहिए न कि सत्ताधारी महायुति गठबंधन के भीतर किसी संकट के रूप में।'
रामदास कदम पहले भी लगा चुके आरोप
इससे पहले सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कदम ने कहा था, 'सुनील तटकरे एक बेईमान व्यक्ति हैं। इस बात की गहन जांच होनी चाहिए कि क्या अजीत पवार की हत्या की साजिश में तटकरे शामिल हैं या नहीं।'
कुछ दिनों पहले हुआ था एक राजनीतिक विवाद
कदम ने यह बयान एक तीखे राजनीतिक विवाद के बाद दिया, जो कुछ दिन पहले पड़ोसी रायगढ़ जिले के खेड़ में पोयनार बांध परियोजना के भूमिपूजन समारोह के दौरान भड़क गया था। सूत्रों के अनुसार यह विवाद पोयनार बांध परियोजना के भूमिपूजन समारोह में बैठने की व्यवस्था को लेकर उनके और सुनील तटकरे के बहनोई अजय बिरवटकर के बीच हुआ था।
सुनील तटकरे के साथ अपने पुराने राजनीतिक संबंधों का जिक्र करते हुए रामदास कदम ने सोमवार को मीडिया से कहा, 'पहले तटकरे के चुनावों के दौरान हमने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया था। उस समय हालांकि कई लोगों ने मुझे चेतावनी दी थी कि तटकरे बेईमान हैं और भविष्य में उनकी मदद नहीं करनी चाहिए। दुर्भाग्य से मैंने उस समय इन चेतावनियों को नजरंदाज कर दिया था।'
कदम ने तटकरे पर महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखने का आरोप लगाया और कहा, 'यह आदमी बहुत ज्यादा महत्वाकांक्षी है और राजनीतिक फायदे के लिए कुछ भी कर सकता है।'
प्रकाशित: मंगलवार, 10 नवंबर 2026 | 7:05 PM IST

