रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने असिस्टेंट लोको पायलट (एलएलपी) में 3500 पदों की बढ़ोतरी की है। रेलवे ने पूर्व में 11,127 पदों के लिए सेंट्रलाइज्ड एंप्लॉयमेंट नोटिस जारी किया था। पदों की समीक्षा के बाद सक्षम प्राधिकारी ने इसमें 3500 अतिरिक्त पद जोड़ने का निर्णय लिया है। अब कुल रिक्तियों की संख्या बढ़कर 14,627 हो गई है। आरआरबी पटना ईसीआर में आता है। यहां भी रिक्तियों की संख्या बढ़ी है।
सीटों के बढ़ने से बिहार के युवाओं को भी लाभ होगा। बिहार से आरआरबी की परीक्षा में दस लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन करते हैं। बिहार के अभ्यर्थी देश के सभी बोर्ड में आवेदन करते हैं।
सात जोन में रिक्तियों में बढ़ोतरी बोर्ड के आदेश में अतिरिक्त पदों का जोनवार वितरण भी किया गया है। इसके तहत पूर्व तट रेलवे को 450, पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) को 500, दक्षिण मध्य रेलवे को 700, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को 200, दक्षिण पूर्व रेलवे को 790, मेट्रो रेलवे को 360 और पश्चिम रेलवे को 500 पद आवंटित किए गए हैं। मेट्रो रेलवे का इंडेंट एसईआर द्वारा रखा जाएगा। बोर्ड ने जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि वे अतिरिक्त इंडेंट को पोर्टल पर तय समय सीमा में अपलोड करें। इंडेंटिंग यूनिट द्वारा 30 सितंबर से 1 अक्टूबर, पीसीपीओ द्वारा 5 अक्टूबर, आरआरबी द्वारा 6 अक्टूबर और नोडल आरआरबी द्वारा 7 अक्टूबर से यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अंतिम रिक्तियों का विवरण जल्द वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

