एसआईआर के खिलाफ और सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस की अगुआई में विपक्ष का बड़ा प्रदर्शन हो रहा है। रामलीला मैदान में भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने दावा किया है कि इस रैली में 10 लाख लोग शामिल होने वाले हैं। वहीं रामलीला मैदान की कपैसिटी 50 हजार बताई गई है। इसी बीच बीजेपी ने विपक्ष पर करारा हमला किया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि यह रैली सिखों के जले पर नमक छिड़कने के लिए बुलाई गई है। और यही कांग्रेस के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी।
जेपी नड्डा ने कहा, इस रैली का उद्देश्य चुनी हुई सरकार को अस्थिर करना है। इस रैली के चार मकसत हैं। एक है सिख भाइयों के जले पर नमक छिड़कना। दूसरा त्योहारी सीजन में छोटे व्यापारियों का नुकसान करवाना. तीसरा देश को बदनाम करना और चौथा दंगा फसाद का माहौल बनाना। उन्होंने कहा, कान खोलकर सुन लीजिए राहुल गांधी जी। यह भारत है, कोई बनाना रिपब्लिक नहीं। राहुल गांधी यह सपना देखना बंद करे। भारत दुनिया का सबसे पुराना और लोकतांत्रिक देश है।
सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर बीजेपी ने कहा, 'आज दिल्ली के रामलीला मैदान में फिर से लगने वाला है - “ठगों का मेला, मक़सद - अपनी राजनीतिक ज़मीन बचाने के लिए देश विरोधी ताकतों के इशारे पर देश में अफवाह व अराजकता फैलाना।'
बीजेपी ने बताया ठगों का मेला
बीजेपी ने विपक्ष की इस महारैली को लेकर पोस्टर जारी किया और कहा कि यह ठगों का मेला लग रहा है। बीजेपी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि यह वही दिन है जब देश के कई हिस्सों में हिंसा हुई थी। लोगों के घर जला दिए गए और कत्लेआम मचाया गया।
1984 के दंगे के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन
1984 के दंगे के खिलाफ आज हरदीप सिंह पुरी की अगुआई में बीजेपी भी एक प्रदर्शन करने जा रही है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में हिंसा भड़क उठी थी जिसमें बड़ी संख्या में सिख मारे गए थे। एक तरफ विपक्ष की महारैली तो दूसरी तरफ बीजेपी का भी प्रदर्शन आयोजित किया गया है। बीजेपी का मार्च हरिनगर से शुरू होगा।
मिंटो रोड पर फाड़े गए पोस्टर
कांग्रेस का मार्च कनॉट प्लेस से मिंटो रोड होते हुए रामलीला मैदान तक होना है। इसके लिए सुबह से ही नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा शुरू हो गया है। बडी़ संख्या में लोग रामलीला मैदान भी पहुंच चुके हैं। वहीं सांसदों के इस मार्च के लिए ओपन वाहनों की व्यवस्था की गई है। मिंटो रोड पर बीजेपी ने भी सिख दंगा विरोधी प्रदर्शन के पोस्टर लगाए थे। आरोप है कि विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने कई पोस्टरों को फाड़ दिया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अधिकारियों ने बताया कि आयोजन स्थल को 14 जोन में बांटा गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जोन की निगरानी सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर के अधिकारी करेंगे, जबकि दो जोन की निगरानी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अतिरिक्त डीसीपी) स्तर के अधिकारी करेंगे।इसके साथ ही ड्रोन तैनात किए गए हैं और करीब 250 सीसीटीवी ऐक्टिव हैं। 10 हजार जवानों को सुरक्षा में लगाया गया है।
प्रकाशित: रविवार, 1 नवंबर 2026 | 1:09 PM IST

