दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में इंडिया और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली गई। 13 से 17 सितंबर के बीच 3 मुकाबले खेले गए, जिनमें से एक भी मैच में वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं मिला। हालांकि, माना जा रहा था कि शुरुआत से ही वे प्लेइंग इलेवन में होंगे, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने अनुभवी ओपनर संजू सैमसन को ही अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने के लिए कहा। ऐसे में कोच गौतम गंभीर की क्या बातचीत वैभव से हुई, इस बारे में आखिरी मैच के बाद हेड कोच ने बताया है।
वैभव सूर्यवंशी को लेकर गौतम गंभीर ने पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "वैभव के नजरिए से, यह बहुत साफ बातचीत थी कि उसे अपने मौके का इंतजार करना होगा। हम जानते हैं कि उसमें किस तरह का टैलेंट है और वह क्या कर सकता है, लेकिन जो पिछले दो-तीन साल से अच्छा कर रहा है, वह हमेशा उस खिलाड़ी से आगे रहेगा, जो अभी टीम में आया है। जब भी उसे मौका मिलेगा, उसे और भी मौके मिलेंगे। इंडियन क्रिकेट इसी के बारे में है - हम ड्रेसिंग रूम में कॉम्पिटिशन और टैलेंट चाहते हैं, लेकिन क्रिकेट ऐसे ही चलता है। चाहे आप 15 साल के हों या 30 साल के, आपको अपने मौके का इंतजार करना होगा।"

