लंदन से नई दिल्ली आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को टेक-ऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का पता चलते ही अचानक हीथ्रो एयरपोर्ट पर लैंड करवाना पड़ गया। इंडिगो के प्रवक्ता ने इसकी जानकारी दी है। हवा में तकनीकी खराबियों का पता चलते ही तय नियमों के अनुरूप पायलटों ने विमान को हीथ्रो वापस मोड़ने का फैसला किया। विमान के सभी यात्री सुरक्षित हैं। आपको बता दें कि यह घटना 22 सितंबर की है।
एयरलाइन ने आगे कहा कि विमान की अभी मेंटेनेंस जांच हो रही है और सभी जरूरी मंजूरी मिलने के बाद यह फिर से उड़ान भरेगा। इंडिगो ने कहा कि उसने विमान में सवार यात्रियों के लिए होटल में ठहरने और अगली उपलब्ध फ्लाइट में सीट जैसी व्यवस्थाएं भी की हैं। प्रवक्ता ने कहा, "हमें अपने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद है। हमने इसे कम करने की हर संभव कोशिश की है। उन्हें होटल में ठहरने की सुविधा दी और अगली उपलब्ध फ्लाइट में जगह देने की कोशिश की जा रही है।"
अलायंस एयर के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग इससे पहे हाल ही में अलायंस एयर के एक विमान ने इंजन में खराबी आने के बाद 11 सितंबर को दोपहर में दिल्ली हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग की। विमान में 40 यात्री सवार थे। एयरलाइन प्रयागराज से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए उड़ान संख्या 9आई 698 का संचालन एटीआर 72-600 विमान से कर रही थी। यह दो इंजन वाला टर्बोप्रॉप विमान है। सूत्र ने बताया कि विमान में करीब 44 लोग सवार थे और एक इंजन के काम करना बंद कर देने के बाद उसने आपात लैंडिंग की।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि विमान बिलासपुर (पीएबी)-प्रयागराज (आईएक्सडी)-दिल्ली (डीईएल) मार्ग पर संचालित हो रहा था। प्रवक्ता ने कहा, ''दिल्ली पहुंचने के दौरान अंतिम चरण की उड़ान में पायलट-इन-कमांड ने बाएं इंजन में तेल का दबाव कम होने के कारण प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग का अनुरोध किया। उड़ान चालक दल ने किसी आपात स्थिति की घोषणा नहीं की थी।''
उन्होंने कहा, ''इस उड़ान में 40 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों को सुगमता से विमान से उतार लिया गया।'' उड़ान की जानकारी देने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम के अनुसार, विमान ने दिल्ली हवाई अड्डे पर अपराह्न करीब दो बजकर 15 मिनट पर आपात लैंडिंग की।

