लाइव टीवी

नासिक में अनोखा विरोध: आवारा कुत्तों को बोरी में भरकर अधिकारी की मेज पर छोड़ा

नासिक में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों से परेशान लोगों ने सरकारी अधिकारी के सामने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया।

झटपट समझें

नासिक में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों से परेशान स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की निष्क्रियता के विरोध में नगर पंचायत अधिकारी के कार्यालय में बोरियों में भरकर कुत्ते छोड़ दिए। उन्होंने अधिकारी की कुर्सी को नोटों की माला भी पहनाई और गणेशोत्सव व नवरात्रि से पहले कार्रवाई की चेतावनी दी।

मुख्य बातें

  • नासिक में आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाओं में वृद्धि हुई है।
  • लोगों ने प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
  • नाराज नागरिकों ने नगर पंचायत अधिकारी के कार्यालय में बोरियों में भरकर कुत्ते छोड़ दिए।
  • विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के नेताओं ने किया।
  • प्रदर्शनकारियों ने अधिकारी की कुर्सी पर नोटों की माला भी पहनाई।
  • उन्होंने गणेशोत्सव और नवरात्रि से पहले कुत्तों की व्यवस्था करने की चेतावनी दी है।
एक आदमी एक कुत्ते को एक बोरी में पकड़े हुए है, जबकि दूसरा आदमी मेज पर बैठा है।
नासिक में आवारा कुत्तों की समस्या के खिलाफ स्थानीय लोगों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।

भारत में आए दिन विरोध के अनोखे तरीके देखने को मिल जाते हैं। इसी तरह महाराष्ट्र के नासिक में कुत्तों से परेशान कुछ लोगों ने सरकारी अधिकारी के सामने विरोध का एक खास तरीका अपनाया। दरअसल, नाराज लोगों ने आवारा कुत्तों को बोरियों में भरा और सीधा ले जाकर इस अव्यवस्था के लिए जिम्मेदारी अधिकारी के ऑफिस की टेबल पर जाकर छोड़ दिया। इस हरकत पर अधिकारी थोड़े असहज नजर आए। अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह घटनाक्रम महाराष्ट्र के नासिक निफाड से सामने आया है। यहां पर पिछले कुछ दिनों से आवारा कुत्तों द्वारा लोगों पर किए जाने वाले हमलों की घटनाएं बढ़ गई हैं। लोगों का आरोप है कि इस बारे में प्रशासन से कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन कोई ज्यादा कार्रवाई नहीं की गई। इससे परेशान होकर स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत ऑफिस में अनोखा विरोध करने का फैसला लिया। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के नेताओं ने आसपास के इलाकों से कुत्तों को इकट्ठा किया और सीधा जाकर अधिकारी की टेबल पर छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने अधिकारी की कुर्सी को नोटो की माला भी पहनाई।

उद्धव ठाकरे गुट के नेताओं ने दिया स्थानीय लोगों का साथ रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पूरे विरोध प्रदर्शन में उद्धव गुट के युवासेना के जिला प्रमुख विक्रम रंधवे ने प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन लगातार क्षेत्र में होने वाली घटनाओं पर आंखें मूंदे हुए हैं। आवारा कुत्ते नागरिकों के लिए जानलेवा हो रहे हैं। ऐसे समय में भी मुख्य अधिकारी केवल टेंडर प्रक्रियाओं में व्यस्त हैं। उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर करने के लिए सबसे पहले तो कुत्तों को अधिकारी की टेबल पर छोड़ दिया। इसके बाद अधिकारी की कुर्सी पर नोटों की माला पहना दी।

प्रदर्शनकारियों ने इसके साथ ही प्रशासन को चेतावनी दी है कि गणेशोत्सव और नवरात्रि के पहले इन सभी कुत्तों की व्यवस्था की जानी चाहिए। प्रशासन इस पर ऐक्शन ले।

यह खबर शेयर करें

WhatsAppXFacebook