मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के रास्ते में आ रही शाही मस्जिद का एक हिस्सा गिराए जाने की योजना को लेकर आज भारी बवाल जारी है। आज सुबह से ही मस्जिद के पास जमा हुई लोगों की भारी भीड़ ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर शुरू कर दी। इसी बीच, कुछ लोगों ने पुलिस पर कथित तौर पर पथराव भी किया। इसके बाद लोगों और पुलिस बल के बीच झड़प देखने को मिली। पुलिस द्वारा स्थिति पर काबू पाने के लिए लाठी चार्ज समेत आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल और रैपिड ऐक्शन फोर्स के जवान तैनात हैं। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटे हैं। क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि रात में पुलिस प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच आपसी सहमति से मुस्लिम समाज के लोग आज खुद ही सड़क चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहा मस्जिद का हिस्सा हटाने को तैयार हो गए थे, हालांकि, बाद में कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए मस्जिद के बाहर जमा होकर हंगामा कर दिया।
उज्जैन में बड़े अफसरों का जमावड़ा, पूरे शहर में अलर्ट उज्जैन में शाही मस्जिद पर जारी बवाल के बाद संभागायुक्त, एडीजी, डीआईजी, एसी, डीएम सहित 2500 पुलिस के जवान और अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। एसपी ने कहा उपद्रव करने वालों को हिरासत में लेकर एफआईआर भी दर्ज की गई है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई और अलर्ट जारी है।
पुलिस ने फिर छोड़े आंसू गैस के गोले उज्जैन में कुछ देर पहले कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा फिर से पुलिस पर पथराव करने का प्रयास की गया। उसके बाद पुलिस ने भी लाठी चार्ज किया आंसू गैस छोड़कर उन्हें भगाया। जानकारी मिल रही है के एक दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें लगी हैं। हालांकि स्थिति तनापूर्ण, लेकिन नियंत्रण में है।
5 गिरफ्तार, 10 पर एफआईआर सूत्रों के मुताबिक, पुलिस द्वारा पथराव और हंगामा करने के मामले में अब तक 10 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है और 5 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
उज्जैन के सभी स्कूलों की छुट्टी उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर हुए बवाल के बाद उज्जैन के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। स्कूलों द्वारा अभिभावकों से अपने बच्चों को जल्द से जल्द घर ले जाने की अपील की गई है।
अफवाहों पर ध्यान न दें लोग : कलेक्टर उज्जैन के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से लेकर प्रशासन के तमाम बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर उन्हें शांत करने की कोशिश में जुटे हैं। जिला कलेक्टर ने बताया कि अभी शांति व्यवस्था कायम है। सिंहस्थ 2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण के काम में सभी धर्मों और समाज के लोग खुद आगे बढ़कर सहयोग कर रहे हैं। छतरी स्थल पर बने धार्मिक स्थल को भी इनके धर्म के लोगों द्वारा ही खुद ही अपने हाथों से हटाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
कुछ लोगों को हिरासत में लिया, हुड़दंगियों की हो रही पहचान उज्जैन पुलिस अधिक प्रदीप शर्मा ने बताया कि जिले से बाहर से कुछ लोग सीमा में प्रवेश कर रहे थे और कुछ लोग सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कर रहे थे। ऐसे कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। विरोध प्रदर्शन करने वाले हुड़दंग मचाने वाले लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है। जो महिलाएं इस उग्रता में शामिल थी उन सभी पूछताछ की जा रही है और सोशल मीडिया सहित कई प्लेटफार्म पर नजर रखे जा रही है। हालांकि अब शांति कायम है और किसी प्रकार का हुड़दंग नहीं हो रहा है। शाही मस्जिद से जुड़े लोग हथौड़े-गेती और फावड़े से उसे तोड़ रहे हैं। भारी संख्या में पुलिस-प्रशासन यहां मौजूद है। उज्जैन कलेक्टर आईजी एचपी अधीक्षक एसडीएम एडीएम सहित संभाग मौके पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
सीएम ने कल खुद अपने घर पर चलाया था हथौड़ा गौरतलब है कि, उज्जैन में इन दिनों सिंहस्थ-2028 मेले के लिए सड़क चौड़ीकरण काम चल रहा है। उज्जैन की पुरानी बस्ती अब्दालपुरा में स्थित मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पैतृक घर भी सड़क चौड़ीकरण के काम में आड़े रहा था, जिस पर सीएम ने रविवार को खुद हथौड़ा चलाकर इस हटाने की शुरुआत की। मुख्यमंत्री सुबह करीब 10 बजे अब्दालपुरा पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने अपने पैतृक मकान नंबर 180 पर हथौड़ा चलाकर उसे हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई।
272 मकान हटाए जाएंगे यहां खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने तक सड़क को 32 फीट चौड़ा किया जाएगा। इस सड़क के दोनों ओर रहने वाले लोगों ने भी अपने मकान पीछे हटाकर चौड़ीकरण कार्य में सहयोग की मिसाल पेश की है। खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने के बीच 272 मकान हैं, जिनमें हिंदू, मुस्लिम और बोहरा समुदाय के लोग रहते हैं। सड़क चौड़ीकरण के लिए क्षेत्र के निवासी स्वेच्छा से अपने मकानों का हिस्सा हटाने के लिए तैयार हुए हैं।
सिंहस्थ में 40 करोड़ लोगों के आने की संभावना मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन के लोगों ने विकास कार्यों में सहभागी बनकर स्वयं अपने मकान हटाने में सहयोग दिया है। उन्होंने सिंहस्थ के लिए अपने देवस्थान और पुश्तैनी मकानों तक को पीछे करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 के लिए उज्जैनवासी स्वेच्छा से अपने पुश्तैनी घरों को हटाकर सड़क चौड़ीकरण में प्रशासन की सहायता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उज्जैन की आबादी करीब 8 लाख है, जबकि सिंहस्थ में 40 करोड़ से अधिक लोगों के आने की संभावना है

