लाइव टीवी

सचिन से तुलना पर विराट कोहली का बयान, 55वीं सेंचुरी के बाद बोले- ईगो को हावी न होने दें

विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर से अपनी तुलना पर खुलकर बात की और बताया कि कैसे विनम्रता बनाए रखना जरूरी है।

झटपट समझें

विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर से अपनी तुलना को लेकर कहा है कि मास्टर ब्लास्टर ने अपने 24 साल के करियर में खेल के लिए जो किया वह हमेशा खास रहेगा और उनके साथ तुलना का कोई मतलब नहीं है।

मुख्य बातें

  • विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर से अपनी तुलना को लेकर कहा कि मास्टर ब्लास्टर ने खेल के लिए जो किया वह हमेशा खास रहेगा।
  • कोहली ने अपनी 55वीं वनडे सेंचुरी के बाद कहा कि विनम्रता बनाए रखने से ईगो हावी नहीं होता।
  • उन्होंने कहा कि सचिन तेंदुलकर अपने दौर में खेल में क्रांति लाए और लोगों पर उनका प्रभाव अविस्मरणीय है।
  • कोहली ने कहा कि वह खुद को उस नजरिए से नहीं देखते जैसा लोग उन्हें देखते हैं।
  • उन्होंने कहा कि उनका ध्यान उपलब्धियों पर नहीं, बल्कि टीम के लिए अपना काम करने पर रहा है।
सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली क्रिकेट मैदान पर बातचीत करते हुए।
विराट कोहली ने तिरुवनंतपुरम में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में सचिन के दो वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़े।

भारत के सुपर क्रिकेटर विराट कोहली अक्सर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से तुलना की जाती है। वह सचिन के अनेक रिकॉर्ड्स ध्वस्त कर चुके हैं। कोहली ने रविवार को तिरुवनंतपुरम में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में सचिन के दो वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़े। वह ना सिर्फ वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 15000 रन (303 पारियां) बनाने वाले बल्लेबाज बने बल्कि एक देश में सर्वाधिक वनडे रन (7006) का कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया। 2017 के आसपास कोहली ने पहली बार सचिन से अपनी तुलना के बारे में बात की थी। उन्होंने तब कहा था कि उनका स्किल लेवल तेंदुलकर के मुकाबले का नहीं है। हालांकि, 9 साल बाद भी कोहली का नजरिया नहीं बदला। उन्होंने दोहराया कि मास्टर ब्लास्टर ने अपने 24 साल के करियर में खेल के लिए जो किया वह हमेशा खास रहेगा। कोहली को लगता है कि सचिन के साथ तुलना का कोई मतलब नहीं है।

आपके अंदर ईगो नहीं आ सकता कि…’ 37 वर्षीय कोहली ने तिरुवनंतपुरम वनडे में 88 गेंदों में नाबाद 139 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 8 छक्के हैं। यह उनकी 55वीं वनडे सेंचुरी थी। कोहली ने मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से कहा, ''मेरे लिए सचिन पाजी हमेशा सचिन पाजी ही रहेंगे। और एमएस धोनी हमेशा एमएस धोनी ही रहेंगे। धोनी मेरे पहले कप्तान थे। इसे कभी तब्दील नहीं किया जा सकता। मैंने खुद को कभी ऐसे इंसान के तौर पर नहीं देखा, जिसने सब कुछ हासिल कर लिया या अपनी जगह बना ली। आप कभी ऐसी स्थिति में नहीं पहुंचते, जहां कहें कि सब हासिल कर लिया। आप संतुष्ट हो सकते हैं, लेकिन अगर आप अपना सिर झुकाकर, विनम्र रहकर प्रदर्शन और तैयारी करते रहें। खेल में सही चीजें करते रहें। ऐसे में आपके अंदर कभी यह ईगो नहीं आ सकता कि 'मैं बाकी सभी से बेहतर हूं।' क्योंकि उस स्थिति में सब खत्म हो जाता है। वह (सचिन) अपने दौर में इस खेल में क्रांति लाए। और मेरे लिए यह आंकड़ों और तुलना से कहीं आगे की बात है। उन्होंने लोगों पर जो प्रभाव छोड़ा है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।''

अपनी छवि को लेकर क्या बोले कोहली? कोहली ने लोगों की नजर में अपनी छवि को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, ''यह कुछ वैसा ही है, जैसे कोई शख्स, जो इस खेल से बहुत प्यार करता है, वह मुझे और देश के लिए मेरी परफॉर्मेस को पसंद करता है। जब ऐसे लोग मुझसे मिलते हैं तो वे मुझे एक खास नजरिए से देखते हैं। मैं उनके नजरिए को पूरी तरह समझ नहीं पाता। मेरे लिए मैं वह इंसान नहीं हूं, जो उन्होंने मेरी छवि बनाई है। वे मुझे दूर से जानते हैं। वे मेरी परफॉर्मेस और क्रिकेट खेलते हुए मुझे जानते हैं लेकिन मैं बखूबी जानता हूं कि मैं कहां से आया हूं। और आप कभी वैसा इंसान होना बंद नहीं करते, जो आप वाकई में हैं। दूसरे लोग मुझे जिस नजरिए से देखते हैं, मैं खुद को उस नजरिए से नहीं देखता हूं।''

क्या कोहली का ध्यान उपलब्धियों पर है? कोहली ने कहा, ''मेरा ध्यान कभी इन उपलब्धियों पर नहीं रहा। मेरा ध्यान बस स्थिति को समझने और टीम के लिए अपना काम करने पर रहा है। उपलब्धियां अपने आप साथ आती हैं।'' उन्होंने कहा, ''इतने लंबे समय तक खेलने और इस मुकाम पर पहुंचने के लिए मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली और ईश्वर का आभारी मानता हूं। बस सिर झुकाकर मेहनत करते रहना और जीवन में मिली हर चीज तथा अवसरों के लिए ईश्वर को धन्यवाद देना।'' उन्होंने कहा, ''हम बहुत सौभाग्यशाली जीवन और सफर जी रहे हैं क्योंकि बहुत से लोग यहां पहुंचना चाहते हैं, लेकिन हम उन भाग्यशाली लोगों में हैं जिन्हें यह मौका मिला। इसलिए हमें सिर झुकाकर जीवन के हर दिन कड़ी मेहनत करनी चाहिए।''

यह खबर शेयर करें

WhatsAppXFacebook