यूपी चुनाव की तैयारियों में जुटी सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर चल रही सियासी खींचतान और बयानबाजी के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होने कहा कि ये हमारी रणनीति का हिस्सा है। दरअसल कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में सपा की पीडीए रथ यात्रा को लेकर सवाल पूछा गया कि यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने सैफई और इटावा में भी कांग्रेस की रैली की बता कही है। जिस पर सपा अध्यक्ष ने कहा कि कि 'हम लोग कभी-कभी विरोधियों से भी सीखते हैं। सत्ता पक्ष हमारे विपक्ष के लोग हैं। आप देखते होंगे ऊपर-ऊपर वो भी लड़ रहे हैं। अंदर-अंदर मिले हुए हैं। हमें भी तो विरोधियों से कुछ सीखना चाहिए। दूसरे दलों में जो ऊपरी लड़ाई चल रही है। वो दिखावा है, हमारी लड़ाई भी रणनीति का हिस्सा है'।
सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में बयानबाजी दरअसल बीते कुछ दिन पहले कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सीट बंटवारे में देरी और अखिलेश यादव के चुनाव को लेकर एक्टिव होने के सवाल पर कहा था कि बिना राहुल गांधी के उनके सक्रिय होने से कुछ नहीं होगा। देश राहुल की ओर देख रहा है। सीट बंटवारे में जितनी देरी होगी, उसका नुकसान हम लोगों को उठाना पड़ेगा। जिस पर पलटवार करते हुए सपा सांसद इकरा हसन ने कहा था कि यूपी में अखिलेश यादव ही बीजेपी को हरा सकते हैं, कांग्रेस अपने दम पर कुछ नहीं कर पाएगी। जिसके बाद दोनों दलों के नेताओं की ओर से जुबानी जंग तेज हो गई थी। जिसे आज अखिलेश यादव ने चुनावी रणनीति का हिस्सा बताया है।
चुनाव आयोग पर बरसे अखिलेश लखनऊ में सपा कार्यालयल में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इलेक्शन कमीशन पर चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के लोगों ने गांव-गांव से वोट कटवाने के लिए बड़ी संख्या में फॉर्म-7 भरकर भेजे। अखिलेश ने कहा कि लखनऊ में एक व्यक्ति ने 100 से अधिक वोट कटवाने के लिए फॉर्म-7 भरे, जबकि उनके मुताबिक एक व्यक्ति अधिकतम पांच लोगों के खिलाफ ही यह फॉर्म जमा कर सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनावी गड़बड़ी के मामले में आयोग का बचाव कर रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने गोरखपुर में जलभराव को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
रवि किशन के स्पेन वाले बयान पर भाजपा को घेरा उन्होंने कहा कि गोरखपुर को स्पेन बताया जाता है, लेकिन शहर में जगह-जगह पानी भरा है। जहां मेट्रो चलने का दावा किया जा रहा था, वहां अब नाव चल रही है। उन्होंने सैफई के विकास का उदाहरण देते हुए गोरखपुर में भी उससे सीख लेने की बात कही। वहीं खेलों को लेकर अखिलेश ने कहा कि पार्टी के घोषणापत्र में खिलाड़ियों की मांगों को शामिल किया जाएगा। ग्राम स्तर से राज्य स्तर तक खेलों को बढ़ावा देने के साथ खिलाड़ियों के लिए भोजन, डॉक्टर और उपकरणों की व्यवस्था का प्रस्ताव रखा जाएगा। सपा पहले ही नई खेल नीति और विशेष फंड की घोषणा कर चुकी है।

