सीवान में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 7 लोगों की मौत की आशंका

आलमपुर गांव में हुए धमाके में एक ही परिवार के 5 सदस्य और 2 मजदूर शामिल

एक इमारत के मलबे और जमीन पर पड़े एक शव को दर्शाती एक तस्वीर।
सीवान के आलमपुर गांव में पटाखा बनाने के दौरान हुए विस्फोट से 7 लोगों की मौत की आशंका है।
मुख्य बातें

सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में शुक्रवार शाम पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट में 7 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के 5 सदस्य और 2 मजदूर शामिल हैं।

  • सीवान के आलमपुर गांव में शुक्रवार शाम पटाखा बनाते समय विस्फोट हुआ।
  • विस्फोट में 7 लोगों की मौत की आशंका है, जिनमें एक ही परिवार के 5 लोग शामिल हैं।
  • मृतकों में पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन, उनकी 3 पोतियां, 1 पोता और 2 मजदूर शामिल हैं।
  • डीएम विजय प्रकाश मीणा के अनुसार, अभी तक 2-3 शव बरामद हुए हैं, अन्य मलबे में दबे हो सकते हैं।
  • पटाखा कारोबारी की बहू आग लगने पर घर से बाहर निकलने में सफल रही।

जिले के जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में शुक्रवार शाम पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट में करीब 7 लोगों की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, मृतकों में एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन, इनकी तीन पोतियां, एक पोता के अलावा दो मजदूरों की बात सामने आई है। हालांकि सीवान के डीएम विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि अभी तक दो-तीन लोगों के ही शव बरामद किए जा सके हैं। अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है। बचाव दल घर में प्रवेश कर रहा है। पूरी तरह छानबीन के बाद ही सही संख्या का पता चल पाएगा। धमाका शाम करीब साढ़े 5 बजे हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाकों की आवाज से दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। किसी को यह पता नहीं चल रहा था कि विस्फोट किधर हुआ है। बाद में लोगों को पता चला कि पटाखा कारोबारी अमीरूद्दीन के घर में ही विस्फोट हुआ है।

घर क्षतिग्रस्त, शवों के चीथड़े उड़ गए

बताया गया है कि शुक्रवार को रोजाना की तरह घर के भीतर पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पटाखों में विस्फोट होने लगे। लगातार हो रहे धमाकों से मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। विस्फोट इतना भयावह था कि तीन लोगों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होकर घर के बाहर जा गिरे। घटनास्थल का दृश्य बहुत ही भयावह नजर आया। इस घटना के बाद पूरे गांव में खौफ का माहौल है।

पटाखा कारोबारी की बहू की बच गई जान

हादसे के दौरान आग लगने की जानकारी मिलते ही अभिरुद्दीन की बहू किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रही और अपनी जान बचा ली। वहीं, विस्फोट के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मलबे में दबे लोग

शुरुआती जानकारी के अनुसार, घर के बाहर तीन शवों की पुष्टि हुई, जबकि चार अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की बात बताई जा रही है। घर के भीतर रखे पटाखों में रह-रहकर विस्फोट होने के कारण राहत एंव बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

प्रकाशित: शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 | 8:03 PM IST

यह खबर शेयर करें

WhatsAppFacebookXTelegram