बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के निर्माण में तीन मुख्यमंत्रियों का अहम योगदान बताया है। उन्होंने इन लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्रियों श्रीबाबू (श्रीकृष्ण सिंह), कर्पूरी ठाकुर और नीतीश कुमार के नाम गिनाए। आज तक से बातचीत में सीएम सम्राट ने कहा, 'सबसे पहले मैं एक बात साफ करना चाहता हूं कि बिहार के निर्माण में श्रीबाबू, कर्पूरी ठाकुर और नीतीश कुमार का बड़ा योगदान रहा है। इससे मैं इनकार नहीं कर सकता हूं। श्रीबाबू ने पूरी संरचना खड़ी की। उसके बाद जितने भी मुख्यमंत्री आए और गए।'
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को याद करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, 'नीतीश जी ने विकास के काम किए और सामाजिक न्याय का भी काम किया। नीतीश कुमार ने पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा किया। बिहार में लोग घूम सकते हैं और काम कर सकते हैं। बिजली और पानी गांव में है। सड़क भी गांव में है।' बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हमको तेज गति से बढ़ना है। हम कैसे महाराष्ट्र की गति को प्राप्त करेंगे और कैसे दिल्ली-कर्नाटक की गति को प्राप्त करें। इसके लिए इंडस्ट्री, एजुकेशन के सेक्टर में तेजी से काम करना होगा
बिहार में इंडस्ट्री लाने के लिए क्या कर रहे? सम्राट चौधरी ने राज्य के हालात को लेकर कहा, 'अभी तक राज्य सरकार का यह लक्ष्य ही नहीं था कि इंडस्ट्री के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाए। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पिछले 150 दिनों में करीब 1 हजार इंडस्ट्री को जमीन उपलब्ध कराने का काम हमारी सरकार ने किया है।' उन्होंने कहा कि जब मैं उपमुख्यमंत्री था और नीतीश कुमार के साथ काम कर रहा था तो वित्त मंत्री की हैसियत से इस पर काम करना का मौका मिला। हमने इंडस्ट्री के लिए 13 हजार एकड़ जमीन का अधिग्रहण करना शुरू किया।
बिहार का बजट अब कितना बढ़ गया? मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार लैंडलॉक स्टेट है। यहां डेंस पॉपुलेशन रहती है। बांग्लादेश और इंडोनेशिया हमसे पीछे छूट चुके हैं। बिहार की आबादी 14 करोड़ है। उन्होंने कहा, 'हमारे पास कोई रेवेन्यू नहीं था। जब मैं पहली बार विधायक बना तो बिहार में 87 प्रतिशत रेवेन्यू झारखंड से आता था। केवल 13% रेवेन्यू यहां से मिलता था। जब मैंने बजट पेश किया तो वो मेरे लिए सबसे गौरव का दिन था। मैनें 3 लाख 17 हजार करोड़ का बजट पेश किया था, जो कि झारखंड से ज्यादा था।' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश के आशीर्वाद से मैं उपमुख्यमंत्री था। यह बदला हुआ बिहार है।

