कोलकाता एयरपोर्ट पर उड़ान भरने से पहले ही इंडगो के विमान का इंजन फेल हो गया। जानकारी के मुताबिक इस विमान में तीन सांसद समेत कम से कम 67 यात्री सवार थे। विमान संख्या 6E 7423 कोलकाता से शिलॉन्ग के लिए रवाना होने वाली थी। डीएमके के राज्यसभा सांसद पी विल्सन ने इस घटना की पूरी जानकारी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर शेयर की है। उन्होंने बताया कि पार्किंग से रनवे की ओर जाते हुए विमान अचानक रुक गया। थोड़ी ही देर में विमान उड़ान भरने वाला था।
एयरलाइन पर सख्त कार्रवाई की मांग
उन्होंने कहा, विमान का इंजन अचानक बंद होने की वजह से सभी यात्री करीब दो घंटे तक विमान में ही फंसे रहे। इसके बाद पायलट ने बताया कि तकनीकी खामी की वजह से फ्लाइट कैंसल कर दी गई है। उन्होंने कहा, सच यह है कि यह विमान सुरक्षित नहीं था। डीजीसीए ने इसके बाद भी विमान को छूट दे दी जो कि नियमों का उल्लंघन है। विमानन मंत्री को इन विमानों की जांच करवानी चाहिए। अगर एयरलाइन गंभीर नही होती है तो मंत्रालय को इनका लाइसेंस कैंसल करना चाहिए।
हो सकता था अहमदाबाद जैसा हादसा
पी विल्सन ने यह नहीं बताया किउनके साथ विमान में सवार दो अन्य सांसद कौन थे।अब सोचने वाली बात यह कि अगर विमान का इंजन इसी तरह उड़ान भरने के बाद बंद हो जाता तो अहमदाबाद जैसा हादसा दोबारा हो सकता था। गनीमत थी कि रनवे पर पहुंचने से पहले ही विमान का इंजन बंद हो गया। अहमदाबाद में विमान के उड़ान भरने के 30 सेकंड के बाद ही हादसा हो गया था और बड़ी संख्या में लोगों की जान चली गई थी।
घाटे में चल रही इंडिगो
अगस्त महीने में ही इंडिगो के नए प्रमुख विली वॉल्श ने पदभार संभाला है। चालू वित्त वर्ष की जुलाई- सितंबर तिमाही के दौरान ईंधन की बढ़ी लागत और रुपये में गिरावट के कारण इंडिगो को 1,879.1 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। अधिक आय के बावजूद इन दोनों कारणों से कंपनी की लाभप्रदता प्रभावित हुई। इंडिगो की लागत संरचना को बेहद दक्ष बताते हुए वॉल्श ने कहा कि कंपनी मजबूत स्थिति से शुरुआत कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल लागत संरचना ही नहीं, बल्कि नकदी की स्थिति पर भी ध्यान देना महत्वपूर्ण है।
पश्चिम एशिया संकट और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण ईंधन की कीमतें बढ़ने से एयरलाइन कंपनियों की परिचालन लागत बढ़ गई है। इसका असर हवाई किराये पर भी पड़ रहा है। इंडिगो सहित अन्य एयरलाइन कंपनियां टिकटों पर ईंधन अधिभार भी लगा रही हैं। वॉल्श ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''हम हवाई किराये में होने वाली बढ़ोतरी को यथासंभव कम रखना चाहते हैं। भारत में इंडिगो की ओर से बाजार में उपलब्ध कराए गए कम किराये ने हमेशा अतिरिक्त मांग और वृद्धि को बढ़ावा दिया है।''
ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच इंडिगो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विली वॉल्श ने बृहस्पतिवार को कहा कि एयरलाइन कंपनी की लागत संरचना बेहद दक्ष है और उसकी नकदी की मजबूत स्थिति उसे बढ़ते परिचालन खर्च से निपटने के लिए कई विकल्प उपलब्ध कराती है।
प्रकाशित: सोमवार, 2 नवंबर 2026 | 5:31 PM IST

