एसआईआर को लेकर चल रहे विवाद के बीच भाजपा सांसद संबित पात्रा सोमवार को बनारस पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एसआईआर पर विवाद को गैरजरूरी बताया। पात्रा ने कहा कि यह 12वां एसआईआर है। समय-समय पर किनका नाम कटना चाहिए किनका नाम जुड़ना चाहिए यह प्रक्रिया होती है। कांग्रेस के समय में 10 एसआईआर हुए, 2 एसआईआर हमारी सरकार के समय में हुआ। उन्होंने कांग्रेस से सवाल पूछा कि आपके समय में एसआईआर हुआ तो ठीक, हमने अगर शुद्धीकरण की प्रक्रिया को चालू रखा तो गलत है? भाजपा सांसद ने आगे कहा कि विपक्ष का आरोप है कि 13 करोड़ वोट चोरी कर लिए गए है। मैं पूछता हूं कि 13 करोड़ वोट चोरी हुए होता तो आ
फॉर्मूला भी बताया
इसके बाद संबित पात्रा ने वोटर लिस्ट शुद्धिकरण की प्रक्रिया का फॉर्मूला बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में नाम जोड़ना या हटाना शामिल है। यह सब ‘एएसडीडी’ फॉर्मूला के अनुसार होता है। भाजपा सांसद ने बताया कि इस फॉर्मूले में उन चार तरह के लोगों को शामिल किया गया है, जिनके नाम हटाए जाते हैं। ‘ए’ का मतलब ‘अनुपस्थित’ है। यानी जो लोग अपने पंजीकृत पते पर मौजूद नहीं हैं, उनके नाम हटाए जाते हैं। ‘एस’ का मतलब ‘स्थानांतरित’ है यानी जो लोग स्थायी रूप से किसी और जगह चले गए हैं, उनके नाम हटाए जाते हैं। ‘डी’ का मतलब ‘स्वर्गीय’ है-जो लोग अब जीवित नहीं हैं, उनके नाम हटाए जाते हैं। दूसरे ‘डी’ का मतलब ‘नकली’ यानी डुप्लीकेट है- यानी अगर किसी व्यक्ति के कई (नकली) एंट्रीज हैं, तो उनमें से एक हटाया जाता है।
घुसपैठियों को वोटर लिस्ट में एंट्री नहीं
संबित पात्रा ने कहा कि किसी भी कीमत पर हम घुसपैठियों को भारत में वोट देने का अधिकार नहीं लेने देंगे। भले ही कांग्रेस एवं उनके सहयोगी दल कितनी भी एड़ी चोटी का जोर लगा लें। पात्रा ने वोट चोरी के आरोप पर कहा कि कांग्रेस एवं राहुल गांधी प्रोपेगेंडा फैला रहे हैं। उनके द्वारा 13 करोड़ वोट चोरी का आरोप बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि यदि वोट चोरी हुई है तो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने उन 20 विधानसभा पर जीत हासिल की है जहां पर सबसे ज्यादा वोट कटे हैं। जबकि केवल पांच पर बीजेपी की जीत हुई है।
युवाओं के वोट काटने के आरोप को बताया गलत
भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी का यह कहना कि भाजपा ने 2024 का लोकसभा चुनाव गलत तरीके से जीता है, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने 124 पेज के आदेश में कहा है कि चुनावी प्रक्रिया ठीक है और आयोग ने विधि व्यवस्था के तहत सभी कार्य संपन्न किए हैं। ऐसे में राहुल गांधी का बयान देना गलत है। उन्होंने कहा कि राहुल का यह भी आरोप कि यंग वोटर्स के नाम काटे जा रहे हैं, जबकि 18 से 28 वर्ष आयु के बीच एसआईआर में 2 करोड़ 37 लाख नए वोटर बने हैं। हर दिन 50 हजार युवाओं को जोड़ा जा रहा है।
ममता-अखिलेश पर भी भड़के
कांग्रेस वर्तमान सीईसी ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगा रही है, लेकिन मेरा उनसे यह सवाल है कि 2014 से 2025 के बीच कांग्रेस अब तक 56 चुनाव हार चुकी है, तब ज्ञानेश कुमार तो नहीं थे। उन्होंने कहा कि यही 56 टिकुली लगाकर राहुल गांधी घूम रहे हैं। संबित पात्रा ने रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन के आंदोलन पर तंज कसा कि 10 लाख लोगों के आने का दावा किया गया है जबकि संख्या 25000 भी नहीं रही होगी। पात्रा ने ममता और अखिलेश को लेकर कहा कि एसआईआर से सबसे ज्यादा पीड़ा इन्हीं लोगों को हो रही है क्योंकि अब तक इन्हीं के भरोसे यह सत्ता में रहे हैं।
प्रकाशित: सोमवार, 2 नवंबर 2026 | 5:28 PM IST

