उत्तराखंड में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में गायक मीका सिंह, कपिल शर्मा, बादशाह और अन्य कलाकारों ने दलेर मेहंदी का बचाव किया है। दरअसल, दलेर मेहंदी स्टेज पर पूरा गाना नहीं गा पा रहे थे। मंच पर ओरिजिनल गाने के बजाय डबिंग की तरह लिप-सिंक (होंठ हिलाने) को लेकर बवाल मचा था। कार्यक्रम में मौजूद दिग्गज भाजपाई और उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने मेहंदी को फटकार लगाई थी और आरोप लगाया था कि वे नशे की हालत में हैं और बोल तक नहीं पा रहे हैं।
'तुनक तुनक तुन', 'बोलो ता रा' और 'हो जाएगी बल्ले बल्ले' जैसे हिट गानों के लिए मशहूर दलेर मेहंदी रविवार रात उत्तराखंड के नई टिहरी में ऐतिहासिक सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे व आरोप लगाया कि गायक नशे की हालत में थे। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
मीका ने किया मंत्री सुबोध उनियाल से संपर्क मंच पर दिलेर मेहंदी के प्रति नाराजगी जताते कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के वीडियो के वायरल होने के बाद पंजाबी गायक मीका सिंह ने मंगलवार को उनसे संपर्क किया। सोमवार रात से वायरल हो रहा यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। सूत्रों के मुताबिक, बातचीत के दौरान मंच पर दोनों के बीच हुई चर्चा का मुद्दा उठा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने गायक मीका सिंह से भी मंच की मर्यादा का पालन करने की जरूरत बताई।
मीका सिंह ने क्या कहा इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए मीका ने कहा कि अगर कोई यह साबित कर दे कि 59 वर्षीय दलेर मेहंदी ने कभी शराब पी है, तो वे गाना छोड़ देंगे। मीका ने कहा कि मैंने अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी के बारे में खबर देखी। आप लोग फैला रहे हैं कि दलेर मेहंदी गाते समय नशे में थे। वे गा नहीं पा रहे हैं।
मीका ने आगे कहा कि सबसे पहले तो मैं आप सभी से पूछना चाहता हूं कि क्या आपने कभी उनके हाथ में शराब का ग्लास देखा है, या उनकी बर्थडे पार्टियों में शराब का दौर चलते देखा है? मैं उनकी बात कर रहा हूं, अपनी नहीं। आप मेरे बारे में चाहे जो कहें, लेकिन उनके बारे में ऐसा नहीं कह सकते। अगर वह गा नहीं पा रहे थे, तो जरूर उनकी तबीयत ठीक नहीं रही होगी। कॉमेडियन कपिल शर्मा ने इंस्टाग्राम पर मीका की पोस्ट शेयर की। बादशाह ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट शेयर किया और कहा कि किसी कलाकार को सबके सामने अपमानित करना बहुत दुखद है।
प्रकाशित: बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 | 12:39 PM IST

