पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, फाइनल में श्रीलंका और युगांडा को दी करारी शिकस्त
अहमदाबाद। भारतीय कबड्डी टीमों ने देश का गौरव बढ़ाते हुए पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में ऐतिहासिक दोहरी सफलता हासिल की है। पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में भारतीय टीमों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। पुरुष टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 54-20 से हराया, जबकि महिला टीम ने युगांडा को 35-15 से शिकस्त देकर खिताब जीत लिया।
पुरुष टीम ने फाइनल में दिखाया दम
पुरुषों के फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया। आदित्य शिंदे ने 10 रेड अंक हासिल कर सुपर-10 पूरा किया। भरत हुड्डा ने आठ अंक जोड़े, जबकि योगेश दहिया ने डिफेंस में पांच सफल टैकल कर हाई-5 बनाया।
भारतीय टीम ने पहले हाफ में ही 30-10 की मजबूत बढ़त बना ली थी। पूरे मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को चार बार ऑलआउट किया और खुद एक बार भी ऑलआउट नहीं हुआ।
महिला टीम ने भी जीता स्वर्ण
महिला वर्ग के फाइनल में भारतीय टीम ने युगांडा को 35-15 से हराकर खिताब पर कब्जा किया। साक्षी ने नौ रेड अंक जुटाए, जबकि अनु सेन ने छह और कप्तान निधि शर्मा ने पांच अंक हासिल किए।
भारतीय महिलाओं ने पहले हाफ में 22-7 की बढ़त बना ली थी। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना अभियान अपराजित रहते हुए पूरा किया।
पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा भारत
पुरुष टीम ने प्रतियोगिता में अपने सभी आठ मुकाबले जीते। महिला टीम ने भी लगातार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। अहमदाबाद में आयोजित इस पहली चैंपियनशिप में भारत की दोहरी जीत ने अंतरराष्ट्रीय कबड्डी में देश की मजबूत स्थिति को फिर से रेखांकित किया है।
प्रकाशित: रविवार, 1 नवंबर 2026 | 12:37 PM IST

