लाइव टीवी

पिता परिमल के बाद अब बेटा धनराज भी राज्यसभा पहुंचेगा, सपा ने दिया टिकट

झारखंड से निर्दलीय जीतकर उच्च सदन पहुंचे थे परिमल, अब धनराज को यूपी से मिला मौका

झटपट समझें

समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए धनराज नथवानी को अपना उम्मीदवार बनाया है, जिससे वह उच्च सदन में पहुंचेंगे।

मुख्य बातें

  • धनराज नथवानी को समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है।
  • धनराज के पिता परिमल नथवानी ने झारखंड से निर्दलीय चुनाव जीता था।
  • परिमल नथवानी को एनडीए का समर्थन प्राप्त था।
  • कांग्रेस ने परिमल नथवानी की जीत पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लगाया था।
  • समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश से दो राज्यसभा सीटें आसानी से जीत सकती है।
तीन भारतीय नेता एक गुलदस्ता पकड़े हुए खड़े हैं।
समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए धनराज नथवानी को उम्मीदवार बनाया है।

समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव ने हाल ही में कहा था कि राज्यसभा चुनाव के लिए दूसरे नाम का ऐलान सुनकर आप लोग चौंक जाएंगे। उनके इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में कयासबाजी तेज हो गई थी। जब सपा ने रामगोपाल यादव के साथ धनराज नथवानी के नाम पर मुहर लगाई तो अखिलेश की बात सच साबित हुई। धनराज नाथवानी का नाम सामने आते ही उनके पिता और उद्योगपति परिमल नथवानी की चर्चा होने लगी।

परिमल नथवानी चौथी बार जब राज्यसभा पहुंचे तो इसके लिए उन्होंने झारखंड से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर ताल ठोकी थी। उन्हें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का समर्थन प्राप्त था। यहां मुकाबला बेहद कांटे का था। एक तरफ एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी थे तो दूसरी तरफ कांग्रेस के प्रणव झा मैदान में थे। इस सीट के लिए वोटों का गणित आसान नहीं था। जीतने के लिए दोनों ही कैंप को अतिरिक्त वोटों की जरूरत थी।

पिता को मिला था क्रॉस वोटिंग का सहारा परिमल नथवानी ने विपक्षी खेमे में सेंध लगाते हुए चुनाव जीत लिया, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव के बाद विपक्ष पर क्रॉस वोटिंग के गंभीर आरोप लगे। कांग्रेस ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और भाकपा माले (CPIML) विधायकों पर धोखा देने के आरोप लगाए। कांग्रेस का आरोप था कि नाथवानी के लिए इन दोनों ही दलों के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। माले ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा था कि उसके दोनों विधायकों ने पोलिंग एजेंट को अपना वोट दिखाकर और बिल्कुल सही तरीके से डाला था।

अखिलेश का मास्टरस्ट्रोक झारखंड में परिमल नथवानी की जीत के बाद अब उनके बेटे धनराज नथवानी उत्तर प्रदेश के रास्ते उच्च सदन पहुंचने की दहलीज पर खड़े हैं। उत्तर प्रदेश के मौजूदा विधानसभा आंकड़ों के हिसाब से समाजवादी पार्टी दो राज्यसभा सीटें बेहद आसानी से और पक्के तौर पर जीत सकती है। पहली सीट पर सपा ने अपने पुराने रणनीतिकार और वरिष्ठ नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव पर भरोसा जताया है। दूसरी सीट के लिए जैसे ही धनराज नाथवानी का नाम आगे किया गया कि राजनीतिक पंडितों के सारे कयास धरे के धरे रह गए।

तीसरी सीट पर बीजेपी से होगी सीधी टक्कर? उत्तर प्रदेश में दो सीटें पक्की करने के बाद अब सबकी निगाहें तीसरी सीट पर टिकी हुई हैं। विधानसभा के समीकरणों को देखें तो तीसरी सीट पर किसी भी दल के पास पूर्ण बहुमत के आंकड़े नहीं हैं। ऐसे में अगर सपा अपनी तीसरी सीट पर उम्मीदवार उतारती है तो उसे भारतीय जनता पार्टी (BJP) से सीधी और कड़ी टक्कर लेनी होगी।

फिलहाल अखिलेश यादव ने तीसरी सीट को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं और उम्मीदवार के नाम की घोषणा बाकी रखी है। यदि सपा तीसरी सीट पर दांव लगाती है तो यूपी की राजनीति में एक बार फिर वोटों की जोड़-तोड़ और क्रॉस वोटिंग का नया दौर देखने को मिल सकता है। ठीक वैसा ही जैसा सालों पहले झारखंड में परिमल नाथवानी के चुनाव के दौरान दिखा था।

यह खबर शेयर करें

WhatsAppXFacebook