भारत में स्मार्टफोन शिपमेंट एक दशक के निचले स्तर पर पहुंच गया है। मेमोरी चिप्स की बढ़ती कीमतों ने स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियों की लागत बढ़ा दी है। इसका असर डिवाइस की कीमतों पर पड़ा है, जिससे ग्राहकों के लिए नया स्मार्टफोन खरीदना महंगा हो गया है। कमजोर डिमांड को देखते हुए कंपनियां भी रिटेल चैनलों में स्टॉक बढ़ाने को लेकर सावधानी बरत रही हैं।
20 हजार रुपये से सस्ते फोन की मांग घटी
रिपोर्ट के मुताबिक, 20,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन की शिपमेंट में सालाना आधार पर 47 प्रतिशत की गिरावट आई। बढ़ती कंपोनेंट लागत के कारण कंपनियों ने कई स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ाई हैं। इससे कुछ मॉडल पहले के मुकाबले महंगे प्राइस सेगमेंट में पहुंच गए हैं। इसका असर खासकर बजट और मिड-रेंज फोन खरीदने वाले ग्राहकों पर पड़ा है।
Counterpoint Research के रिसर्च एनालिस्ट शुभम सिंह के मुताबिक, बढ़ती कंपोनेंट लागत और कमजोर उपभोक्ता मांग के कारण ग्राहक अब फोन बदलने में ज्यादा समय ले रहे हैं। वहीं, स्मार्टफोन कंपनियां सेल बढ़ाने के बजाय मुनाफा बनाए रखने, अपने पोर्टफोलियो को मैनेज करने और स्टॉक लिमिटेड रखने पर ध्यान दे रही हैं।
सैमसंग बनी नंबर-1 स्मार्टफोन कंपनी
मार्केट में गिरावट के बावजूद सैमसंग ने अच्छा परफॉर्म किया। Counterpoint Research के मुताबिक, नौ तिमाहियों के बाद Samsung एक बार फिर भारत की सबसे बड़ी स्मार्टफोन कंपनी बन गई। तीसरी तिमाही में कंपनी का मार्केट शेयर 17 प्रतिशत रहा। रिपोर्ट के अनुसार, टॉप-5 ब्रैंड्स में सैमसंग इकलौती कंपनी रही, जिसकी शिपमेंट में एनुअली बढ़ोतरी हुई।
Vivo 16 प्रतिशत शेयर के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि Oppo 12 प्रतिशत शेयर के साथ तीसरे स्थान पर रही। Xiaomi और Poco का कंबाइन्ड शेयर भी 12 प्रतिशत रहा। वहीं, Ai+ स्मार्टफोन की शिपमेंट में एनुअली 306 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
2026 में और महंगे हो सकते हैं फोन
Counterpoint Research का अनुमान है कि पूरे 2026 में भारत का स्मार्टफोन मार्केट एनुअली करीब 13 प्रतिशत कम हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, फेस्टिव सीजन के बाद स्मार्टफोन की कीमतों में एक और बढ़ोतरी हो सकती है।
हालांकि, कंपनियां लागत कम करने के लिए कुछ सेगमेंट में कम स्पेसिफिकेशंस वाले फोन और ज्यादा 4G मॉडल पेश कर सकती हैं। वहीं, नो-कॉस्ट EMI, एक्सचेंज ऑफर और डिस्काउंट ग्राहकों को अट्रैक्ट करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
प्रकाशित: शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 | 7:54 PM IST

