बॉलीवुड एक्टर और आमिर खान के भांजे इमरान खान को भारत छोड़ने का अल्टीमेटम मिला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई पुलिस ने उन्हें इस सिलसिले में नोटिस भेज दिया है। खबर है कि मुंबई पुलिस ने उन्हें आगामी 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश जारी किया है। इससे पहले इमरान खान बीते सप्ताह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई में आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने इस खबर की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक मुंबई पुलिस ने खान को विदेशी नागरिक होने के बावजूद राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने पर यह नोटिस थमाया है। प्रदर्शन में हिस्सा लेने को देश के इमिग्रेशन एक्ट के प्रावधानों के तहत गैरकानूनी बताया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके के पास अमेरिका की नागरिकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने किया था डिटेन आमिर खान के भांजे इमरान बीते 10 अक्टूबर को मुंबई के ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। खान के साथ उनकी पार्टनर और अभिनेत्री लेखा वॉशिंगटन और उनकी कजन जैन मैरी खान को भी पुलिस ने मौके पर ही हिरासत में ले लिया था। इस दौरान इमरान खान ने कहा था कि वे एक ‘नागरिक’ के तौर पर अपनी आवाज उठाने पहुंचे थे। उन्होंने एक बयान में कहा था, “मेरी कोई मांग नहीं है। मैं यहां एक नागरिक के रूप में, इस शहर में रहने वाले व्यक्ति के रूप में आया हूं। मैं यह देखने आया हूं कि लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध क्यों लगाया जा रहा है और लोगों की आवाज क्यों दबाई जा रही है।”
इमिग्रेशन एक्ट के तहत हुई कार्रवाई जानकारी के मुताबिक इमरान ने भारत के इमिग्रेशन और फॉरेनर एक्ट का उल्लंघन किया है।नियमों के तहत कोई भी विदेशी नागरिक भारत में किसी भी प्रकार के राजनीतिक प्रदर्शन, आंदोलन या जन-आक्रोश वाली गतिविधियों में हिस्सा नहीं ले सकता। अब मुंबई पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने इमरान खान नोटिस जारी कर उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने के आदेश दिए हैं।
क्या बोले किरीट सोमैया? इससे पहले भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस से अभिनेता को हिरासत में लेने और उन्हें देश से डिपोट करने की मांग की थी। किरीट सोमैया ने कहा था कि इमरान एक विदेशी नागरिक हैं और इसीलिए वे भारत में राजनीतिक प्रदर्शनों में हिस्सा नहीं ले सकते। पूर्व सांसद ने बताया था कि उन्होंने मुंबई पुलिस के जॉइंट कमिश्नर मनोज कुमार शर्मा को इस मामले को लेकर एक पत्र भी लिखा है।
अब किरीट सोमैया ने पुलिस के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने यह भी कहा है कि कुछ लोग विदेशों से फंडिंग लेकर भारत में उत्पात मचाने की साजिश कर रहे हैं और उन्हें एक्शन के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने एक बयान में कहा, “अमेरिकन नागरिक इमरान खान जैसे लोग हिंदुस्तान के खिलाफ षड्यंत्र रचने की साजिश कर रहे हैं… ऐसे लोगों के खिलाफ ऐसी ही कार्रवाई होगी।”
प्रकाशित: गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 | 1:09 PM IST

