पैरा एथलीट नीरज यादव का निधन, 3 बार एशियन गेम्स में जीता था गोल्ड मेडल

भारत के जाने-माने पैरा एथलीट नीरज यादव ने मंगलवार रात अपने फ्लैट पर आत्महत्या कर ली।

एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति से हाथ मिला रहा है, जिसने पदक पहना हुआ है और व्हीलचेयर पर बैठा है।
भारत के दिग्गज पैरा एथलीट नीरज यादव के निधन की खबर ने खेल जगत को स्तब्ध कर दिया है।
मुख्य बातें

पैरा एथलीट नीरज यादव ने मंगलवार रात अपने फ्लैट पर आत्महत्या कर ली, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने कोई विषाक्त पदार्थ खाया है।

  • नीरज यादव ने पैरा एशियन गेम्स में 3 गोल्ड मेडल जीते थे।
  • उन्होंने मंगलवार रात अपने फ्लैट पर आत्महत्या की।
  • संभावित तौर पर उन्होंने कोई विषाक्त पदार्थ खाया था।
  • नीरज यादव 42 साल के थे और F55 कैटेगरी में प्रतिस्पर्धा करते थे।
  • वह डोपिंग सस्पेंशन के कारण आइची-नागोया एशियन पैरा गेम्स में नहीं खेल पाने से मानसिक पीड़ा झेल रहे थे।
  • 2018 में गोल्ड मेडल जीतने के बाद उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।

भारतीय खेल जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारत के पैरा एथलीट ने सुसाइड करके सभी को चौंका दिया है। ये कोई और नहीं, बल्कि पैरा एशियन गेम्स में 3 बार गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज यादव हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार की रात को अपने एक फ्लैट पर उन्होंने सुसाइड किया। उनका पोस्टमार्टम किया जा रहा है। संभावित तौर पर उन्होंने कोई विषाक्त पदार्थ खाया है। नीरज यादव जब 2018 में एशियन गेम्स में मेडल जीते थे तो उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी।

42 साल के नीरज यादव एफ55 कैटेगरी में प्रतिस्पर्धा करते थे। इस कैटेगरी में वही प्रतिस्पर्धा करते हैं, जो सीट पर बैठकर गेम खेलते हैं। नीरज यादव कई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व पैरा गेम्स में करते थे। टीओआई की रिपोर्ट में ही आगे बताया गया है कि दिल्ली के जीटीबी हॉस्पिटल में उनके पोस्टमार्टम की प्रक्रिया खबर लिखे जाने तक जारी है। कई और पैरा एथलीट इस समय अस्पताल में मौजूद थे। नीरज यादव की मौत किन हालात में हुई, यह अभी पता नहीं चला है।

भारत के चीफ पैरा-एथलेटिक्स कोच एस सत्यनारायण ने टीओआई को इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें पता चला है कि नीरज यादव ने सुसाइड किया है। सत्यनारायण ने कहा, “हां, नीरज ने सुसाइड किया है। मुझे भी यही पता चला है। मुझे बताया गया है कि उसने कल रात अपने फ्लैट में ज़हर खा लिया था। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है।” कोच को लगता है कि वह अवसाद में रहे होंगे। उन्होंने बताया है कि नीरज डोपिंग सस्पेंशन के कारण आइची-नागोया एशियन पैरा गेम्स में नहीं खेल पाने के कारण मानसिक पीड़ा झेल रहे थे।

नीरज यादव का करियर

उत्तर प्रदेश के रहने वाले नीरज यादव भारत के जाने-माने पैरा-एथलीट में से एक थे। सात साल की उम्र में पोस्ट-पोलियो रेसिडुअल पैरालिसिस का पता चलने के बाद भी उन्होंने अपने सपनों को पूरा किया और पैरा खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। पैरा-एथलेटिक्स में आने से पहले वे करीब 6 साल तक 2005 से 2012 के बीच व्हीलचेयर टेनिस खेला करते थे। इसके बाद वे पैरा एथलेटिक्स में आए और 2015 में उन्हें बड़ी सपलता मिली, जब वे दिल्ली स्टेट एथलेटिक्स मीट में शॉट पुट, जैवलिन और डिस्कस इवेंट में गोल्ड मेडल जीते। इसके बाद विश्व पटल पर भी वे अपने दमखम दिखाते रहे।

जकार्ता में 2018 एशियन पैरा गेम्स में उन्होंने मेंस F55 जेवलिन थ्रो में 29.84 के एशियन रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद 2023 में चीन में हुए अगले एशियन पैरा गेम्स में वे दो इवेंट में गोल्ड मेडल जीते थे। जेवलिन के अलावा डिस्कस इवेंट में भी उन्हें गोल्ड मेडल मिला था। हालांकि, अक्टूबर 2023 के बाद उनका करियर लगभग खत्म हो गया था, क्योंकि उन्हें नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी ने सस्पेंड कर दिया था। उनका सैंपल बेंगलुरु में स्टैनोजोलोल, एक एनाबॉलिक स्टेरॉयड के लिए उन्हें पॉजिटिव पाया गया था।

पीएम मोदी ने दी थी उन्हें बधाई

जब नीरज यादव ने 2018 के एशियन पैरा गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था तो वे भारत आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिले थे। पीएम मोदी ने खुद उनकी तस्वीर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर की थी। 2023 में भी पीएम मोदी ने उनको बधाई दी थी, क्योंकि उस बार वे दो अलग-अलग खेलों में गोल्ड मेडल जीतने में सफल हुए थे।

प्रकाशित: बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 | 1:26 PM IST

यह खबर शेयर करें

WhatsAppFacebookXTelegram