गंगनहर 18 दिन के लिए बंद: दिल्ली-NCR और यूपी में बढ़ेगा जल संकट

मरम्मत के कारण हरिद्वार में ऊपरी खंड गंगनहर को 18 दिनों के लिए बंद किया गया है, जिससे कई इलाकों में पानी की कमी होगी।

एक पुल के नीचे से बहती हुई नदी, जिसके किनारे पर कुछ पेड़ और झाड़ियाँ हैं।
गंगनहर की वार्षिक बंदी के दौरान उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग विभिन्न मरम्मत और सफाई कार्य करेगा।
मुख्य बातें

गंगनहर को हरिद्वार में मरम्मत के काम के चलते 18 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है, जिससे दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में जल संकट रहेगा। नहर 7 और 8 नवंबर की मध्य रात्रि को दीपावली पर दोबारा खोली जाएगी।

  • गंगनहर मंगलवार मध्यरात्रि को 18 दिनों के लिए बंद कर दी गई है।
  • यह बंदी मरम्मत और कुंभ मेले की तैयारियों के लिए की गई है।
  • दिल्ली-NCR और यूपी के 15 से अधिक जिलों में जल संकट का सामना करना पड़ेगा।
  • हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं के लिए 200 क्यूसेक जल उपलब्ध रहेगा।
  • नहर 7 और 8 नवंबर की मध्य रात्रि को दीपावली पर दोबारा खुलेगी।
  • कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में स्वच्छता अभियान भी चलेगा।

हरिद्वार में ऊपरी खंड गंगनहर को मंगलवार मध्यरात्रि को मरम्मत के काम के चलते 18 दिनों के लिए बंद कर दिया गया। इस दौरान दिल्ली एनसीआर और यूपी के कुछ इलाकों में जल संकट रहेगा। अब सात और आठ नवंबर की मध्य रात्रि को दीपावली पर नहर में दोबारा जल की निकासी चालू की जाएगी। हालांकि गंगनहर बंदी के दौरान हरकी पैड़ी और ब्रह्मकुंड पर श्रद्धालुओं के स्नान के लिए पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध कराया जाएगा।

उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग वार्षिक बंदी के दौरान गंगनहर में रंग-रोगन, पुलों की मरम्मत, सिल्ट की सफाई, सिंचाई के लिए बने नालों, रजवाहों आदि की मरम्मत और सफाई, रेगुलेटरों में ऑयलिंग आदि का काम करेगा। साथ ही मेला प्रशासन कुंभ मेले के दृष्टिगत नए घाटों और पुलों का निर्माण काम को पूरा करेगा। उच्च स्तर से निर्देश मिलने के बाद यूपी सिंचाई विभाग दशहरा पर्व के मौके पर गंगनहर को मायापुर बैराज से बंद करता है। कानपुर तक जाने वाली गंगनहर बंद होने से यूपी और दिल्ली एनसीआर में जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।

यूपी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने बताया कि नहर में पानी की निकासी बंद होने के बाद भी हरकी पैड़ी पर 200 क्यूसेक जल उपलब्ध रहेगा। भगीरथी बिंदु से हरकी पैड़ी जल भेजा जाएगा। हरकी पैड़ी पर जल की मात्रा कम होने पर भीमगोड़ा बैराज के लिंक चैनल गेट को भी खोला जाएगा।

यूपी और एनसीआर के क्षेत्रों में बनेगी दिक्कत वार्षिक बंदी के चलते कानपुर तक जाने वाली गंगनहर बंद होने के बाद यूपी और एनसीआर के लोगो को जल संकट का सामना करना पड़ेगा। मेरठ, मोदीनगर, गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली के कुछ हिस्सों सहित 15 से अधिक जिलों में कृषि सिंचाई के लिए पानी कम मिलेगा। इस दौरान स्थानीय प्रशासन और किसान पेयजल की पूर्ति के लिए रेनीवेल और ट्यूबवेल पर निर्भर रहेंगे।

कुंभ मेले की तैयारी में 18 दिन चलेगा वृहद सफाई अभियान कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में आज से से सात नवंबर तक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान के संचालन और निगरानी के लिए 35 क्षेत्रों, संस्थाओं और विभागों के नोडल अधिकारी नामित किए हैं। अभियान में शहर से लेकर गांवों, गंगा घाटों, धार्मिक स्थलों, सड़कों, औद्योगिक परिसरों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की जाएगी।

इसमें जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, संत समाज, व्यापारिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।अभियान के दायरे में रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, राष्ट्रीय राजमार्ग, फ्लाईओवर, औद्योगिक क्षेत्र, सिडकुल, बीएचईएल परिसर, पार्किंग स्थल, टैक्सी और ट्रक स्टैंड, धार्मिक एवं पर्यटन स्थल, तालाब, नहरें, जलाशय और गौशालाएं भी शामिल हैं। वहीं, मंगलवार को विजयदशमी के अवसर पर नगर निगम ने हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान चारों तरफ सफाई की गई।

प्रकाशित: बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 | 12:32 PM IST

यह खबर शेयर करें

WhatsAppFacebookXTelegram