नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में आज पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। सुबह 6:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक बंद का समय तय किया गया है। मानसा में इस बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। पंजाब की बाकी जगह से भी बंद को समर्थन की सूचनाएं मिल रही हैं। अमृतसर शहर में भारी सुरक्षा बल तैनात है। वहीं, मानसा को भी पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
झोटा के पिता भीम सैन ने शव लेने से इनकार कर दिया है। उन्होंने इस हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग की है। वह मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वहीं, बंद के दौरान एम्बुलेंस और अन्य सभी आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह से छूट दी गई है और उन्हें बहाल रखा गया है।
किसान संगठनों के साथ विपक्ष का भी समर्थन पंजाब बंद को कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी, शिरोमणि अकाली दल, अकाली दल वारिस पंजाब दे, अकाली दल पुनर सुरजीत और शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) ने समर्थन दिया है। इसके अलावा क्षेत्रीय स्तरों पर भी कई संगठन जैसे संयुक्त किसान मोर्चा, संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक), किसान मजदूर मोर्चा आदि लोगों से बंद में शामिल होने की अपील कर रहे हैं।
इस बंद को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने भी समर्थन दिया है। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि झोटा की हत्या की पूरी जांच होनी चाहिए। उन्हें किसने बुलाया और इसके पीछे कौन था, इसका खुलासा जरूरी है। उन्होंने नशे से जुड़े इस मुद्दे पर सभी संगठनों और लोगों से पंजाब बंद सफल बनाने की अपील की।
बठिंडा और फरीदकोट में किसान नेता हिरासत में लिए लुधियाना, पठानकोट, गुरदासपुर, बठिंडा, मानसा और जालंधर में प्राइवेट स्कूल-कॉलेज बंद हैं। हालांकि सरकारी स्कूलों में छुट्टी नहीं है। बठिंडा में किसान संगठन सिद्धूपुर ने बठिंडा-चंडीगढ़ हाईवे जाम कर दिया। सभी जिलों में बाजार भी बंद रखे गए हैं। बठिंडा और फरीदकोट में किसान नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
अमृतसर में गोल्डन गेट के सामने बड़ी संख्या में एकजुट हुए किसानों ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसानों ने नशे के बढ़ते प्रभाव और पंजाब सरकार की नीतियों के विरोध किया है। पटियाला में टोल प्लाजा को फ्री कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री मान बोले, अपराधियों को कड़ी सजा देंगे झोटा की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान का बयान सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस मामले में पंजाब पुलिस की तरफ से कोई कोताही नहीं बरती जाएगी और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। घटना पर दुख जताते हुए सीएम मान ने कहा कि एक जवान बेटा इस दुनिया से चला गया है, जो कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
सीएम मान ने बताया कि उन्होंने डीजीपी को इस मामले की पूरी गहराई से जांच करने के सख्त निर्देश दिए हैं। सीएम मान ने दो टूक में कहा कि पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति है। उन्होंने कहा कि चाहे मेडिकल नशा हो या चिट्टा, राज्य में नशे के सौदागरों के खिलाफ कड़ा युद्ध छेड़ा हुआ है।
प्रकाशित: गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 | 1:23 PM IST

